Vande Bharat Sleeper Train 2027: लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे अब 24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें लाने जा रहा है। चेन्नई की आईसीएफ को ऐसी 50 ट्रेनें बनाने का टारगेट मिला है। उम्मीद है कि जून 2027 तक ये ट्रेनें पटरियों पर दौड़ने लगेंगी।

Indian Railways New Train: भारतीय रेलवे ने 16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें पहले ही तैयार कर ली हैं। अब रेलवे 24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें बनाने की तैयारी में है। अगले एक महीने में इस नई ट्रेन का डिजाइन बनकर तैयार हो जाएगा।

चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) को ऐसे 50 ट्रेन सेट बनाने का टारगेट दिया गया है। इन ट्रेनों में ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे, इसलिए इनमें एक्स्ट्रा पैंट्री कार और टॉयलेट की सुविधा होगी। माना जा रहा है कि जून 2027 तक ये ट्रेनें पटरियों पर दौड़ने लगेंगी। रेलवे का लक्ष्य आने वाले दिनों में कम से कम 200 स्लीपर वंदे भारत ट्रेनें चलाने का है।

लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी राहत

16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के बाद, अब रेलवे रात के सफर और लंबी दूरी वाले रूट्स के लिए 24 कोच वाली ट्रेनें ला रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नई ट्रेन के डिजाइन को फाइनल किया जा रहा है और एक महीने के अंदर यह काम पूरा हो जाएगा। लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए आने वाले सालों में 200 से ज्यादा ऐसी ट्रेनें पटरियों पर उतारी जाएंगी।

BEML और ICF मिलकर बना रहे 10 ट्रेन सेट

BEML और ICF मिलकर 10 वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट तैयार कर रहे हैं। वहीं, भारत-रूस के जॉइंट वेंचर 'काइनेट' (Kinet) को 120 ट्रेनें बनाने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा, टीटागढ़ और BHEL का कंसोर्टियम 80 स्लीपर ट्रेनें बनाएगा। साथ ही, ICF खुद भी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अपना एक अलग वर्जन डेवलप करने पर काम कर रहा है।