इंदौर के राऊ इलाके में नवविवाहिता वंदना कुशवाह की हत्या से सनसनी फैल गई। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुए घरेलू विवाद में जेठानी पर चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने शव पानी की हौज से बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।

इंदौर: जिस शादी के लिए वंदना कुशवाह ने परिवार की नाराजगी के बावजूद अपना फैसला चुना था, उसी शादी के महज कुछ दिनों बाद उसकी जिंदगी दर्दनाक तरीके से खत्म हो गई। इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र के न्यू नेहरू नगर में नवविवाहिता वंदना की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी जेठानी पार्वती कुशवाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को घर में दोनों महिलाओं के बीच पुराना विवाद फिर भड़क गया। आरोप है कि गुस्से में पार्वती किचन से चाकू लेकर आई और वंदना की गर्दन पर दो वार कर दिए। इसके बाद शव को घर के बाहर बनी पानी से भरी हौज में डाल दिया।

रक्षाबंधन की बात से शुरू हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। रक्षाबंधन के दिन वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर टिप्पणी की थी। पार्वती का भाई कथित तौर पर दुष्कर्म के मामले में दमोह जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को इसी मुद्दे पर दोनों के बीच फिर बहस हुई। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान वंदना ने पार्वती से उसके पति और बच्चों को घर से निकलवाने की बात कही थी, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें: मोबाइल से AI तक चलाने वाली चिप पर MP का बड़ा प्लान, अक्टूबर में होगा बड़ा फैसला?

घर में थीं सिर्फ दोनों महिलाएं

वारदात के समय पार्वती के बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि दोनों महिलाओं के पति अस्पताल में थे। घर में केवल वंदना और पार्वती मौजूद थीं। वंदना की चीख सुनकर पड़ोसियों को शक हुआ। काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं दिखी तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के बाहर बनी पानी की हौज से वंदना का शव बरामद किया और पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा।

11 अगस्त को की थी प्रेम विवाह

वंदना इंदौर के राजनगर की रहने वाली थी और उपेंद्र पटेल से उसका प्रेम संबंध था। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों ने 11 अगस्त को मंदिर में शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यह घरेलू विवाद हत्या तक पहुंच गया।

CCTV फुटेज से पुलिस को मिला अहम सुराग

पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में पार्वती को घर से निकलते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या से जुड़े सभी परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि घर के भीतर लंबे समय से चल रहे छोटे विवाद कब एक खतरनाक मोड़ ले सकते हैं।

यह भी पढ़ें: देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और बाहर भरा पानी! कांग्रेस के ‘Beach View’ तंज ने बढ़ाई चर्चा