ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अपने पहले बयान में अमेरिका को चेतावनी दी है कि मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डे बंद किए जाएं, नहीं तो उन पर हमले जारी रहेंगे। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट खोलने से भी इनकार किया है।

Iran-US War Latest News: ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभालने के बाद मोज्तबा खामेनेई का पहला बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है। खामेनेई के बेटे ने कहा कि मिडिल-ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को बंद किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो इन ठिकानों पर हमले जारी रहेंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य अड्डों को लेकर चेतावनी

ईरान के सरकारी टेलीविजन पर पढ़कर सुनाए गए संदेश में खामेनेई ने कहा कि क्षेत्र में तनाव बढ़ने की एक बड़ी वजह अमेरिकी सैन्य मौजूदगी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर अमेरिका अपने सैन्य ठिकानों को बंद नहीं करता है, तो उन पर हमले जारी रह सकते हैं।

होर्मुज स्ट्रेट खोलने से किया इनकार

अपने बयान में खामेनेई ने यह भी कहा कि मौजूदा हालात में Strait of Hormuz को दोबारा नहीं खोला जाएगा। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है और यहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल सप्लाई गुजरती है।

सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाया गया संदेश

सुप्रीम लीडर बनने के बाद यह मोजतबा खामेनेई का पहला सार्वजनिक संदेश है। हालांकि उन्होंने खुद सामने आकर यह बयान नहीं दिया, बल्कि इसे ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर एक प्रेजेंटर ने पढ़कर सुनाया।

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ता युद्ध

खामेनेई का यह बयान ऐसे समय आया है, जब इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। मिडिल ईस्ट में हाल के दिनों में कई सैन्य हमले हुए हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है।

हमले में घायल हुए थे मोजतबा खामेनेई

रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजराइल के हमलों के पहले दिन मोजतबा खामेनेई भी घायल हो गए थे। बताया गया है कि उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था और उन्हें हल्की चोटें भी आई थीं। बताया जा रहा है कि मोजतबा खामेनेई उसी हवाई हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता और ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ईरान के सर्वोच्च नेतृत्व में बदलाव हुआ और मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया।