इजरायल-ईरान जंग के बीच बुशेहर एयरपोर्ट पर Iran Air का यात्री विमान नष्ट हुआ। मेहराबाद एयरपोर्ट भी हमले की चपेट में आया। Rosatom ने बुशेहर परमाणु संयंत्र की नई इकाइयों का निर्माण रोका। सुप्रीम लीडर की मौत के बाद हालात और तनावपूर्ण।
Iran-Israel War Latest News: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध का असर अब एविएशन सेक्टर और परमाणु परियोजनाओं पर भी दिखने लगा है। दक्षिणी ईरान में इजरायली हवाई हमलों के दौरान एक पैसेंजर विमान नष्ट होने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, Iran Air के एक यात्री विमान को बुशहर एयरपोर्ट पर निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया ने बताया कि हवाईअड्डे पर हुए हमले में विमान को जमीन पर ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि, यह साफ नहीं है कि हमले के समय विमान सर्विस में था या नहीं। यह घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब इजराइल लगातार ईरान के अलग-अलग ठिकानों पर हमले कर रहा है।
बुशेहर परमाणु संयंत्र को लेकर बढ़ी चिंता
फारस की खाड़ी के तट पर स्थित बुशेहर में ईरान का एकमात्र सक्रिय परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी मौजूद है। ऐसे में इस हमले के बाद इस प्लांट को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी बीच, रूस की सरकारी परमाणु कंपनी Rosatom ने बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र की नई यूनिट्स पर निर्माण कार्य रोकने की घोषणा की है। कंपनी के प्रमुख एलेक्सी लिखाचेव ने बताया कि प्लांट की सेकंड और थर्ड यूनिट के निर्माण स्थलों पर काम फिलहाल रोक दिया गया है।
मेहराबाद एयरपोर्ट भी हमले की चपेट में
ईरान के प्रमुख हवाईअड्डों में से एक मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी हमलों से प्रभावित हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान के पश्चिम में स्थित इस एयरपोर्ट के आसपास के इलाके पर हमला किया गया। तस्वीरों में रनवे के पीछे धुआं उठता दिखाई दिया।
कोम में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स की इमारत पर एयरस्ट्राइक
ईरान में नए सुप्रीम लीडर के चुनाव की प्रक्रिया के बीच इजराइल ने कोम शहर में हवाई हमला किया। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स की इमारत को निशाना बनाया गया, जहां वरिष्ठ धार्मिक नेता एकत्रित हुए थे। असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स 88 सदस्यों की संस्था है, जो देश के सुप्रीम लीडर के चयन की जिम्मेदारी निभाती है। हमले में इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन अंदर मौजूद लोगों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
खामेनेई की मौत के बाद हालात बद से बदतर
जंग के पहले दिन शनिवार को अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद अलीरेजा को अंतरिम सुप्रीम लीडर बनाया गया है। हालांकि, स्थायी नेता की नियुक्ति चयन प्रक्रिया के बाद ही संभव होगी। खामेनेई की मौत के बाद ईरान बुरी तरह भड़का है और खाड़ी देशों पर लगातार हमले कर रहा है।


