दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के आरोप में हिरासत में लिया। कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्रालय के फैसले को चुनौती देते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता सौरव दास और कई अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। ये लोग जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने घुसे थे। उनका कहना है कि यह जगह आज भी लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शन के लिए एकदम सही है।पुलिस बस से ले जाए जाते समय सौरव दास ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटाने (डी-नोटिफाई करने) पर गृह मंत्रालय के अधिकार पर ही सवाल उठा दिए।

"हेलो दोस्तों! हमने जंतर-मंतर का घेरा तोड़ दिया''

  • सौरव दास ने वीडियो में कहा, “हेलो दोस्तों! हमने जंतर-मंतर का घेरा तोड़ दिया है। हम अंदर थे और अब पुलिस हमें हिरासत में लेकर जा रही है। हमारा जंतर-मंतर छीनने वाला गृह मंत्रालय कौन होता है? जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए तय जगह है और हम यहीं से ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर रहेंगे।”
  • राजधानी में प्रदर्शन की जगहों को खत्म करने पर दास ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार बिना जनता से पूछे विरोध की आवाज़ को दबा रही है।उन्होंने आगे कहा, "क्या जंतर-मंतर को डी-नोटिफाई करते समय लोगों से पूछा गया? किसी से नहीं पूछा गया। इस तानाशाह सरकार ने बस जंतर-मंतर को हटा दिया। पहले उन्होंने इंडिया गेट छीना, फिर बोट हाउस और अब जंतर-मंतर भी ले लिया। नई दिल्ली जिले में अब प्रदर्शन के लिए एक भी जगह नहीं बची है। ऐसे लोकतंत्र नहीं चल सकता।"

बस ये तो एक "ट्रेलर" है…आगे देखिए क्या होगा?

'दिल्ली चलो' आंदोलन जारी रखने का ऐलान करते हुए दास ने चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की सख्ती से आने वाले समय में लोगों की भीड़ और बढ़ेगी।दास ने कहा, "दोस्तों, सबको जंतर-मंतर आना होगा। 'दिल्ली चलो' का नारा आज भी हमारा है। यह प्रदर्शन होकर रहेगा, शांतिपूर्ण तरीके से होगा और जंतर-मंतर पर ही होगा। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा भी जंतर-मंतर पर ही होगा। आज 10 लोग आए हैं, कल 1,000 आएंगे। ठीक है दोस्तों, मिलते हैं।"
CJP कार्यकर्ता आशुतोष रांका ने भी बस से एक वीडियो मैसेज शेयर किया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर में घुसना तो बस एक बड़े आंदोलन का "ट्रेलर" है।
रांका ने कहा, “दोस्तों, जंतर-मंतर का घेरा टूट चुका है। हमने उनके किले में सेंध लगा दी है। आज हमने जो किया, वो सिर्फ ट्रेलर है। आज 10 लोग आए, कल 1,000 आएंगे और परसों 10,000 लोग घुसेंगे। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा। और हम उनका इस्तीफा जंतर-मंतर पर ही लेंगे, जो उखाड़ना है उखाड़ लो।” उन्होंने आगे कहा, “हमने सबको फेल कर दिया है, सब फेल हो गए हैं। जंतर-मंतर हमारा है, हमने पूरे सिस्टम को फेल कर दिया है। मोदी जी, आप हमें रोक नहीं पाएंगे। हम कॉकरोच ज्ञानेश कुमार को साथ लेकर ही दिल्ली से जाएंगे।” अपनी बात खत्म करते हुए रांका ने कहा, "जंतर-मंतर को कभी किसी के बाप ने नहीं रोका, और न ही कोई रोक पाएगा।

तिरंगा लेकर जंतर-मंतर में घुस गए थे कॉकरोच

बता दें कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटा दिया गया है। इसके बावजूद मंगलवार को CJP कार्यकर्ता आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे ने बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें फिर से हिरासत में ले लिया।
CJP के अभिजीत दिपके ने एक्स (X) पर पोस्ट किया, "तिरंगा लिए कॉकरोच आज सुबह-सुबह जंतर-मंतर में घुस गए, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य के साथ टीम के अन्य सदस्यों को हिरासत में लिया गया है। @narendramodi, आप विरोध को डी-नोटिफाई नहीं कर सकते।"