बिहार के मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत कार्यक्रम के दौरान JDU नेता राजेश मंडल के गले से करीब 7 लाख रुपये की सोने की चेन गायब हो गई। पुलिस CCTV और मोबाइल वीडियो की मदद से जांच कर रही है कि चेन चोरी हुई या भीड़ में गिर गई।
मंत्री के स्वागत के लिए फूल-मालाएं तैयार थीं, कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ थी और हर कोई काफिले के करीब पहुंचना चाहता था। लेकिन इस राजनीतिक स्वागत समारोह के खत्म होते ही एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। JDU नेता राजेश मंडल के गले से करीब 7 लाख रुपये की सोने की चेन गायब थी।
बिहार के मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना की अब पुलिस जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी की गई या धक्का-मुक्की में टूटकर कहीं गिर गई?
माला पहनाने पहुंचे थे, बाद में गले पर हाथ गया तो हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर के सकरी चौक पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मंत्री का काफिला पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान JDU नेता राजेश मंडल मंत्री को माला पहनाने के लिए आगे पहुंचे। उनके आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और भीड़ के कारण धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब राजेश मंडल ने अपने गले पर हाथ लगाया तो उन्हें पता चला कि उनकी सोने की चेन गायब है। काफी तलाश के बाद भी चेन नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: घर में कमर तक पानी, चूल्हा बंद और नाव का सहारा... उन्नाव के गांव में कैसे बीत रहे दिन?
चोरी हुई या टूटकर गिर गई?
राजेश मंडल ने तुर्की थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनके अनुसार चेन की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है। हालांकि, जांच के इस शुरुआती चरण में यह साफ नहीं है कि किसी ने चेन चोरी की या भीड़ की खींचतान में वह टूटकर नीचे गिर गई। पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अब CCTV और मोबाइल वीडियो बताएंगे सच
तुर्की थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार्यक्रम स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके अलावा स्वागत समारोह के दौरान बनाए गए मोबाइल वीडियो भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चेन गायब होने के वक्त राजेश मंडल के सबसे करीब कौन-कौन लोग मौजूद थे। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मंत्री के स्वागत की भीड़ में 7 लाख की चेन चोरी हुई थी या फिर वह टूटकर गिरने के बाद किसी के हाथ लग गई।
यह भी पढ़ें: एक पोस्ट, ‘अंकल’ वाला बयान और फिर बड़ा झटका... आकाश आनंद की राजनीति में क्या हुआ?
