हत्या से एक महीने पहले केतन अग्रवाल का सिया के परिवार संग डांस वीडियो वायरल हुआ। खुशहाल रिश्ते की तस्वीरों के बीच लोहागढ़ हत्याकांड में नए सवाल और जांच की कड़ियां सामने आईं।

नई दिल्ली/पुणे: सोशल मीडिया पर जब कोई पुराना वीडियो वायरल होता है, तो अक्सर उसमें पुरानी यादें और खुशियां छिपी होती हैं। लेकिन इस वक्त इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पूरे देश के लोगों की रूह कंपा दी है। यह वीडियो 26 वर्षीय केतन अग्रवाल का है, जो अपनी ही मौत से ठीक एक महीने पहले अपनी मंगेतर सिया गोयल के माता-पिता के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में खुशी से झूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। किसे पता था कि जिस मंगेतर के परिवार के साथ केतन "मैं निकला गड्डी लेके" गाने पर ठुमके लगा रहे हैं, वही मंगेतर कुछ दिनों बाद उन्हें मौत की गहरी खाई में धकेल देगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

'बस आज की रात है ज़िंदगी...' क्या वो कोई मनहूस इशारा था?

यह वीडियो 7 मई का है, जिसे पुणे में आयोजित एक पारिवारिक जश्न के दौरान रिकॉर्ड किया गया था। इस कार्यक्रम में परफॉर्म करने वाली मशहूर गायिका रितु शर्मा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस दिल दहला देने वाले पल को साझा किया। वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता-प्रवीण गोयल और पूजा गोयल-बेहद करीब खड़े होकर बॉलीवुड का सदाबहार गाना "यम्मा यम्मा" गाते और झूमते दिख रहे हैं। इस गाने के बोल थे-"बस आज की रात है ज़िंदगी। कल हम कहां तुम कहां..." आज जब लोग इस वीडियो को देख रहे हैं, तो इन बोलों को सुनकर उनके रोंगटे खड़े हो रहे हैं। मानो नियति पहले ही केतन की जिंदगी के खत्म होने का खौफनाक इशारा दे रही थी। इसके कुछ ही सेकंड बाद वीडियो में मासूम केतन अपने होने वाले ससुर प्रवीण गोयल के साथ बेहद खुश होकर डांस करते नजर आते हैं।

View post on Instagram

लोहागढ़ किले का वो खूनी सच: जब मंगेतर और उसके प्रेमी ने रचा चक्रव्यूह

इस हंसते-खेलते और खूबसूरत वीडियो के ठीक एक महीने बाद, यानी 18 जून को वो काली तारीख आई जिसने सब कुछ तबाह कर दिया। पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले की सैर पर गए केतन अग्रवाल को उनकी अपनी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर किले की ऊंची दीवार से नीचे धक्का दे दिया। गहरी खाई में गिरने के कारण केतन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गायिका रितु शर्मा ने केतन के साथ अपनी आखिरी बातचीत को याद करते हुए लिखा कि कार्यक्रम के बाद केतन ने बेहद मासूमियत से उनसे कहा था, "मैम, प्रोग्राम वाकई बहुत शानदार था, प्लीज़ डिनर कर लीजिए।" रितु ने न्याय की मांग करते हुए बेहद आक्रोश में कहा, "किसी को पसंद न करने का मतलब यह नहीं कि आप उसकी जान ले लें। अगर सिया को शादी नहीं करनी थी, तो वह 'ना' कह सकती थी। हम केतन के लिए इंसाफ चाहते हैं! सिया को भी उसी किले से नीचे फेंक देना चाहिए।"

'सिर्फ दोस्त' या खूनी साजिश? भाई के बयानों ने बढ़ाया सस्पेंस

जैसे-जैसे पुलिस की तफ्तीश आगे बढ़ रही है, इस मर्डर मिस्ट्री में नए और चौंकाने वाले मोड़ सामने आ रहे हैं। सिया के भाई साहिल गोयल ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि उसे सिया और उसके प्रेमी चेतन की 'दोस्ती' के बारे में पता था। लेकिन सिया ने अपनी जिंदगी की कसम खाकर भाई से झूठ बोला था कि वह सिर्फ केतन से शादी करेगी और चेतन से उसका कोई रिश्ता नहीं है। इसी भरोसे के कारण साहिल ने अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया। हालांकि, पुलिस के खुफिया सूत्रों का कहना कुछ और ही है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सिया इस शादी से खुश नहीं थी और उसने इस बात का जिक्र साहिल से भी किया था। अब पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या साहिल भी इस खूनी साजिश का हिस्सा था या वह वाकई अपनी बहन के झूठ का शिकार हुआ।

View post on Instagram

"मेरी बेटी दोषी है, तो उसे भी वहीं से नीचे फेंक दो!"

इस जघन्य हत्याकांड के बाद सिया के माता-पिता पूरी तरह टूट चुके हैं। फरवरी में दोनों की सगाई हुई थी और इसी साल नवंबर में शादी होने वाली थी। सिया की मां पूजा गोयल ने रोते हुए कहा कि उन्हें चेतन और सिया के बीच किसी रोमांटिक रिश्ते की भनक नहीं थी। लेकिन, अपनी बेटी के इस खौफनाक कदम पर गहरा दुख जताते हुए माता-पिता ने साफ कहा है कि अगर उनकी बेटी अदालत में दोषी पाई जाती है, तो उसे भी उसी जगह से नीचे गिराकर मौत की सजा दी जानी चाहिए, जहां से उसने केतन को गिराया था। फिलहाल सिया और उसका प्रेमी चेतन दोनों पुलिस की सलाखों के पीछे अपने गुनाहों के पन्ने खोल रहे हैं।