केतन अग्रवाल मर्डर केस में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। विग विवाद के बीच पुलिस का कहना है कि हत्या की मुख्य वजह सिर्फ केतन का विग पहनना नहीं हो सकता। 

Lohagad Fort Murder Case Update: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या के मामले में जांच के दौरान एक नया पहलू सामने आया है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि उनकी मंगेतर सिया गोयल उन्हें इसलिए पसंद नहीं करती थीं क्योंकि वह हेयर पैच (विग) पहनते थे। पुलिस ने शुक्रवार को साफ किया कि केतन के विग पहनने की बात सही है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह कहा जा सके कि हत्या की कथित साजिश के पीछे सिर्फ यही वजह थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विग विवाद पर पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक, केतन हेयर पैच पहनते थे लेकिन जांच में अब तक ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि सिया गोयल की नाराजगी की एकमात्र वजह यही थी। पुलिस का मानना है कि हत्या की कथित साजिश के पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं और जांच उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।

केतन के पिता ने क्या कहा?

केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि परिवार ने सगाई से पहले ही सिया और उनके परिवार को केतन के हेयर पैच के बारे में पूरी जानकारी दे दी थी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "यह सही है कि केतन विग का एक छोटा सा पैच पहनते थे। सगाई से पहले सिया और उनके परिवार को इसकी जानकारी दे दी गई थी। अगर उन्हें इससे कोई परेशानी थी, तो वे रिश्ता करने से मना कर सकते थे। मेरे बेटे की हत्या करने की क्या जरूरत थी?"

सिया के मन में केतन के लिए बैठ चुकी थी नफरत

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 'सिया इस शादी से खुश नहीं थी। केतन के विग लगाने और हकलाने की वजह से सिया के मन में उसके प्रति नफरत बैठ चुकी थी।' सिया गोयल ने बताया कि उसने केतन से कहा था कि वह उससे शादी करना नहीं चाहती, लेकिन वह सगाई तोड़ने को तैयार नहीं था। केतन का कहना था कि अब बहुत देर हो चुकी है।

पुलिस का दावा: चेतन चौधरी ने सिया को उकसाया

जांच में पुलिस का दावा है कि सह-आरोपी चेतन चौधरी ने ही सिया गोयल को अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने के लिए उकसाया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से मिली जानकारी में सामने आया कि चेतन ने ही कथित तौर पर सिया को लोहगढ़ किले में केतन की हत्या की योजना पर अमल करने के लिए प्रेरित किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाने की कोशिश की। हालांकि, बाद में पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित साजिश में अपनी-अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। जांचकर्ताओं का कहना है कि अक्टूबर 2025 से दोनों के बीच रिश्ता था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने साथ भागने के बजाय हत्या का रास्ता चुना, क्योंकि उन्हें डर था कि ऐसा करने से उनके परिवारों की बदनामी होगी।

हत्या की कथित साजिश कई हफ्तों पहले बनाई गई थी

जांच अधिकारियों के अनुसार, यह हत्या अचानक नहीं हुई, बल्कि इसकी योजना कई सप्ताह पहले से बनाई जा रही थी। पुलिस का आरोप है कि सिया ने 31 मई और 14 जून को भी केतन को लोहगढ़ किले बुलाया था ताकि कथित योजना को अंजाम दिया जा सके, लेकिन दोनों बार योजना सफल नहीं हो सकी। 4 जून को प्रस्तावित एक और यात्रा भी केतन की मां के मना करने के कारण रद्द हो गई थी।

18 जून को कथित तौर पर कैसे दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 18 जून को सिया गोयल चट्टान के किनारे बैठी थीं। आरोप है कि उन्होंने पहले से तय इशारा चेतन चौधरी को दिया। इसके बाद चेतन वहां पहुंचा और कथित तौर पर अनजान केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दे दिया। जांच में शामिल एक अधिकारी के मुताबिक, "केतन को यह अंदाजा भी नहीं था कि क्या होने वाला है। कुछ समझ पाते उससे पहले ही उन्हें खाई में धक्का दे दिया गया।" यह पुलिस का दावा है और मामले की जांच जारी है।