घर में मिली अवैध बायोलैब, HIV इबोला वायरस-1000 चूहों से मचा हड़कंप
Illegal Biolab: अमेरिका के लास वेगास में फेडरल और लोकल एजेंसियों ने चौंकाने वाली कार्रवाई करते हुए एक रिहायशी घर के अंदर चल रही संदिग्ध अवैध बायोलॉजिकल लैब का पता लगाया है। यह लैब बिना किसी सरकारी अनुमति या सुरक्षा मानकों के संचालित की जा रही थी।

सुरक्षा किट पहनकर घर में घुसे जांचकर्ता
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घर शुगर स्प्रिंग्स ड्राइव पर स्थित है, जो वाशिंगटन एवेन्यू और हॉलीवुड बुलेवार्ड के पास का इलाका है। लास वेगास मेट्रोपॉलिटन पुलिस डिपार्टमेंट (LVMPD) द्वारा जारी किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि अधिकारी और हैजमैट (HazMat) टीमें पूरी सुरक्षा किट पहनकर घर में प्रवेश कर रही हैं। घर से मेडिकल ट्यूबिंग, शीशियां, सीलबंद कंटेनर और लैब से जुड़ा अन्य सामान बड़े बैग्स में बाहर निकाला गया।
क्यों बढ़ा महामारी का खतरा?
इस मामले के सामने आने के बाद अधिकारियों और सांसदों के बीच चिंता बढ़ गई है। उनका मानना है कि अगर ऐसी अवैध और बिना निगरानी वाली बायोलॉजिकल गतिविधियों को नहीं रोका गया, तो इससे भविष्य में महामारी जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। जांचकर्ताओं को घर में रखे फ्रिज और फ्रीजर में काफी मात्रा में संदिग्ध सामग्री मिली। इनमें अलग-अलग रंगों के लिक्विड कैमिकल्स, अज्ञात पदार्थों से भरी छोटी शीशियां और बड़े कंटेनर शामिल थे। कुछ कंटेनरों पर बायो-सेफ्टी चेतावनी लेबल भी लगे हुए थे।
खतरनाक बीमारियों के नाम वाले लेबल से बढ़ी चिंता
पुलिस के अनुसार, कई कंटेनरों पर गंभीर बीमारियों के नाम लिखे हुए थे। रिपोर्ट में बताया गया है कि इन लेबल्स में डेंगू बुखार, HIV, मलेरिया जैसे नाम शामिल थे। कुछ अन्य रिपोर्ट्स में COVID और इबोला जैसे शब्दों का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया कि सिर्फ लेबल होने का मतलब यह नहीं है कि अंदर जीवित वायरस मौजूद हैं, लेकिन फिर भी इस खोज को बेहद संवेदनशील और संभावित रूप से खतरनाक माना जा रहा है।
घर के अंदर मिले करीब 1000 चूहे
जांच के दौरान अधिकारियों को घर के अंदर लगभग 1000 चूहे भी मिले। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन चूहों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था। ज्यादातर बायोलॉजिकल सामग्री और उपकरण एक बंद गैरेज में रखे गए थे, जिसे मुख्य लैब एरिया के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। शुरुआती तलाशी में कई ऐसे उपकरण मिले जो आमतौर पर प्रोफेशनल लैब्स में इस्तेमाल होते हैं। इनमें बायो-सेफ्टी हुड, बायो-सेफ्टी चेतावनी लेबल, सेंट्रीफ्यूज मशीन, कई रेफ्रिजरेटर और फ्रीजर, गैलन साइज के कंटेनर जिनमें लाल-भूरा तरल भरा था
प्रॉपर्टी मैनेजर गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने 55 वर्षीय ओरी सोलोमन को गिरफ्तार किया है, जिसे शुगर स्प्रिंग्स ड्राइव वाले घर और पास की एक अन्य प्रॉपर्टी का मैनेजर बताया गया है। दोनों जगहों पर तलाशी ली गई है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोलोमन से जुड़ी अन्य लोकेशनों में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई। इस अवैध लैब में उसकी भूमिका को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है और जांच शुरुआती चरण में है।
कैलिफोर्निया की अवैध लैब से जुड़ा मामला
पुलिस ने पुष्टि की है कि लास वेगास का यह घर जिया बेई झू, एक चीनी नागरिक, के नाम पर दर्ज है। झू का नाम पहले भी कैलिफोर्निया के रीडली शहर में 2023 में सामने आई एक अवैध बायोलॉजिकल लैब से जुड़ चुका है। उस मामले के बाद से झू फेडरल हिरासत में है और अप्रैल में उस पर मुकदमा चलने वाला है। कैलिफोर्निया की लैब में हजारों बायोलॉजिकल सैंपल रखे गए थे, जिन पर HIV, मलेरिया, टीबी, COVID-19 और इबोला जैसे नाम लिखे थे।
वकील ने झू की संलिप्तता से किया इनकार
झू के वकील एंथनी कैपोजी ने कहा कि उनका क्लाइंट पिछले तीन साल से फेडरल कस्टडी में है और लास वेगास केस से उसका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, हमारे क्लाइंट का लास वेगास के किसी घर में चल रही किसी बायोलॉजिकल लैब से कोई लेना-देना नहीं है। अधिकारियों ने भी अभी तक झू पर इस मामले में कोई नया आरोप नहीं लगाया है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

