अमेरिका में भारतीय मूल के पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार डिलीवरी जिस घर पर की गई, वह खाली था। इससे यह सवाल उठता है कि क्या डिलीवरी करने वाले को किसी योजना के तहत वहां बुलाया गया था? ऑर्डर करने वाला व्यक्ति कौन था?
North Philadelphia Shooting: अमेरिका के नॉर्थ फिलाडेल्फिया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक हाउसिंग सोसाइटी के अंदर पिज़्ज़ा डिलीवर करने गए 28 वर्षीय भारतीय मूल के युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे के बाद एजली स्ट्रीट स्थित रेमन रोसेन होम्स हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में हुई।

Anshul Kuncha Murder Case: डिलीवरी पूरी करने के बाद मारी गई गोली
पुलिस के अनुसार, अंशुल कुंचा ने पिज़्ज़ा की डिलीवरी सफलतापूर्वक पूरी कर दी थी। इसके बाद उन्हें सिर में गोली मार दी गई। जिस पते पर पिज्जा डिलीवर किया गया था, वह बाद में एक खाली घर निकला। हालांकि जांचकर्ताओं को उस फोन नंबर की जानकारी मिल गई है, जिससे पिज़्ज़ा का ऑर्डर दिया गया था और अब पुलिस इसी सुराग के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए अहम सबूत
फिलाडेल्फिया पुलिस विभाग के चीफ इंस्पेक्टर स्कॉट स्मॉल ने बताया कि जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो अंशुल जमीन पर बेसुध पड़े हुए थे। उनके सिर में गोली लगी थी और काफी खून बह चुका था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्कॉट स्मॉल ने बताया कि मौके पर मिले पिज़्ज़ा बॉक्स की मदद से पुलिस ने उस पिज़्ज़ा शॉप की पहचान की, जहां अंशुल काम करते थे। बाद में पुष्टि हुई कि वह 'पीट्ज़ पिज़्ज़ा' के लिए डिलीवरी का काम कर रहे थे।
Crime Scene Investigation: 3 कारतूस और पीड़ित की गाड़ी बरामद
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से तीन खाली कारतूस मिले। ये कारतूस उस स्थान से कुछ ही इंच की दूरी पर थे, जहां अंशुल का शव मिला था। पुलिस का मानना है कि हमलावर बेहद करीब से गोली चलाने की स्थिति में थे। घटनास्थल के पास अंशुल की गाड़ी भी बरामद हुई। गाड़ी के अंदर पिज़्ज़ा वार्मर अभी भी रखा हुआ था, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह डिलीवरी के दौरान ही निशाना बने।
खाली अपार्टमेंट में मिले पिज्जा बॉक्स और बैग
अधिकारियों ने उस खाली अपार्टमेंट की भी तलाशी ली, जहां डिलीवरी की गई थी। वहां तीन पिज़्ज़ा बॉक्स और एक बैग मिला, जिन्हें छुआ तक नहीं गया था। इससे पुलिस को शक है कि अंशुल ने सामान पहुंचाने के बाद बाहर निकलते समय हमला झेला।
CCTV Footage में दिखे दो संदिग्ध
फिलाडेल्फिया हाउसिंग अथॉरिटी के सर्विलांस कैमरों में घटना से जुड़े कुछ दृश्य रिकॉर्ड हुए हैं। हालांकि गोली चलाने की घटना कैमरे में कैद नहीं हो सकी, लेकिन फुटेज में दो संदिग्ध लोगों को काले कपड़ों में अंशुल का पीछा करते हुए देखा गया। पुलिस के अनुसार, दोनों में से एक व्यक्ति के पास काला बैकपैक भी था। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
फोन नंबर बना जांच का सबसे बड़ा सुराग
पुलिस का कहना है कि उनके पास वह फोन नंबर मौजूद है, जिससे पिज़्ज़ा का ऑर्डर दिया गया था। जांच एजेंसियां अब इस नंबर की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि यह सुराग मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकता है।


