ओडिशा में पत्नी को वापस पाने के लिए एक शख्स ने मानव बलि दी। उसने पीड़ित का सिर काटकर पूजा घर में दफना दिया। पुलिस ने काले जादू के शक में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ओडिशा से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहां एक शख्स ने अपनी रूठी हुई पत्नी को वापस पाने के लिए एक आदमी की बलि चढ़ा दी। इतना ही नहीं, उसने पीड़ित का सिर काटकर अपने घर के पूजा घर में दफना दिया। पुलिस को शक है कि ये हत्या काले जादू के चक्कर में की गई है। इस मामले में पुलिस ने 40 साल के शत्रुघ्न साहू नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मरने वाले शख्स की पहचान 45 साल के संतोष खड़सेल के तौर पर हुई है, जो तेबामुंडा गांव के रहने वाले थे। संतोष 18 अगस्त से लापता थे। 21 अगस्त को बगड़ा गांव के एक तालाब से उनका सिर कटा शव मिला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संतोष को आखिरी बार आरोपी शत्रुघ्न साहू के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पहले तो साहू ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने कहा कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में उसने संतोष की हत्या कर दी। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने पूरी सच्चाई उगल दी। साहू ने कबूल किया कि उसने यह हत्या अपनी पत्नी को वापस पाने के लिए की है, जो तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके पूजा घर की तलाशी ली और वहां दफनाया गया संतोष का सिर भी बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी साहू और मृतक संतोष एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे। साहू की मुलाकात संतोष से अचानक हुई थी, जिसके बाद वह उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस को पहले शक था कि जांच भटकाने के लिए सिर को कहीं और फेंका गया होगा। लेकिन पूजा घर से सिर मिलने के बाद काले जादू का एंगल साफ हो गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है।


