Pakistani Drone: जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में 28 अगस्त 2026 को LoC के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया। इसके बाद से सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं। जवानों ने ड्रोन को ट्रैक किया और किसी भी घुसपैठ को रोकने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

LoC Drone Intrusion, राजौरी: जम्मू-कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि सामने आई है। राजौरी सेक्टर में भारतीय सीमा के पास ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सेना के सूत्रों के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 की रात करीब 8:05 बजे पाकिस्तान की ओर से एक ड्रोन भारतीय सीमा में दाखिल होता दिखाई दिया।

बेह्रूटी इलाके में मंडराता दिखा ड्रोन

सेना के अनुसार, ड्रोन को बेह्रूटी के जनरल एरिया में मंडराते हुए देखा गया। यह क्षेत्र 22 जम्मू एंड कश्मीर राइफल्स (22 JAK RIF) के ऑपरेशनल एरिया के अंतर्गत आता है। जवानों ने तुरंत ड्रोन की गतिविधि को ट्रैक करना शुरू किया।

मंगलनाड़-डबरोट की ओर बढ़ा ड्रोन

निगरानी के दौरान सुरक्षाबलों ने ड्रोन की दिशा पर नजर रखी। सेना के सूत्रों के मुताबिक, ड्रोन मंगलनाड़-डबरोट एक्सिस की तरफ बढ़ता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद फॉरवर्ड एरिया में तैनात जवानों को और ज्यादा सतर्क कर दिया गया।

ड्रोन से कुछ गिराया तो नहीं गया? तलाशी अभियान तेज

ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में हवाई और जमीनी निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ड्रोन ने कहीं भारतीय क्षेत्र में हथियार, गोला-बारूद या नशीले पदार्थ तो नहीं गिराए।

LoC पर लगातार जारी है निगरानी

घटना के बाद राजौरी सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल इस मामले में सेना की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।