Bihar Crime Case: पटना में 3 साल की बच्ची के साथ हुई दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर दिया। चाचा और उसके साथियों पर गंभीर आरोप, पुलिस ने दो को पकड़ा, तीसरे की तलाश जारी। पढ़ें पूरी खबर और अपडेट।

पटना से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है। जिस रिश्ते को सबसे सुरक्षित माना जाता है, उसी ने भरोसा तोड़ दिया। एक 3 साल की मासूम बच्ची के साथ उसके ही चाचा और उसके दो साथियों ने दरिंदगी की, जिससे इलाके में गुस्सा और डर दोनों फैल गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या है पूरा मामला?

मामला पटना का है, जहां शुक्रवार देर रात यह घटना हुई। बच्ची की मां के मुताबिक, बच्ची घर में सो रही थी। तभी उसका चाचा, जो नशे का आदी बताया जा रहा है, उसे उठाकर करीब 500 मीटर दूर एक सुनसान खेत में ले गया। वहां उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि बच्ची की चीखें सुनकर आसपास के लोग अलर्ट हो गए। शुरू में लोगों को लगा कि कोई बच्चा चोर इलाके में घुस आया है, इसलिए उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों की आवाज सुनकर तीनों आरोपी मौके से भाग गए और बच्ची को वहीं छोड़ दिया।

उधर, परिवार के लोग बच्ची को ढूंढते हुए जब मौके पर पहुंचे तो उसे गंभीर हालत में पाया। बच्ची खून से लथपथ थी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी यानी चाचा और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें: UP ATS Arrest Rizwan: बेटा आतंकी केस में पकड़ा गया, पिता ने ही कहा - गुनाह किया है तो....

पूरे मामलें में क्या बोले अधिकारी?

SDPO-II रंजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्ची का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बच्ची और उसकी मां के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे ताकि मामले की सुनवाई तेज हो सके और आरोपियों को जल्द सजा मिल सके।

कानून और पीड़िता की पहचान

यौन अपराधों से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की जाती है, ताकि उसकी निजता सुरक्षित रहे।

यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज के सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा करती है, क्या हमारे अपने ही रिश्ते अब सुरक्षित नहीं रहे? बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवार और समाज दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।

(नोट: खबर में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है, ताकि उसकी सुरक्षा और सम्मान बना रहे।)

यह भी पढ़ें: 10 दिन की डेडलाइन खत्म! अब 7 अप्रैल को ईरान में तबाही मचाएगा अमेरिका? ट्रंप का अल्टीमेटम