Pramod Mittal News : कभी बेटियों की शाही शादियों पर करोड़ों रुपये खर्च करने वाले प्रमोद मित्तल का परिवार आज लंदन में अपना आलीशान घर बचाने के लिए जूझ रहा है। दुनिया के अमीर कारोबारी परिवारों में शुमार मित्तल परिवार की कहानी आखिर कैसे शाही ठाठ से कर्ज और दिवालियापन तक पहुंच गई?

मुंबई/लंदन. कभी दुनिया के अमीर कारोबारी परिवारों में गिने जाने वाले मित्तल परिवार की जिंदगी में अब बड़ा बदलाव आ गया है। जिस परिवार की बेटियों की शादी इस्तांबुल और बार्सिलोना जैसे शहरों में करोड़ों रुपये खर्च करके हुई थी, वही परिवार अब लंदन में अपना आलीशान घर बचाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। स्टील कारोबारी प्रमोद मित्तल दिवालिया घोषित हो चुके हैं और उनके परिवार के सामने मेफेयर इलाके में स्थित घर को बचाने की चुनौती है।

कौन हैं प्रमोद मित्तल?

  • प्रमोद मित्तल का जन्म 1 सितंबर 1956 को भारत में हुआ था। वह एक मारवाड़ी स्टील कारोबारी परिवार से आते हैं। उनके पिता मोहन लाल मित्तल स्टील कारोबार से जुड़े थे। प्रमोद मित्तल, दुनिया के बड़े स्टील कारोबारियों में शामिल लक्ष्मी निवास मित्तल यानी लक्ष्मी मित्तल के छोटे भाई हैं।
  • परिवार का कारोबार भारत से शुरू हुआ था। प्रमोद मित्तल ने अपने भाई से अलग होकर स्टील कारोबार में अपनी पहचान बनाई। वह भारत में इस्पात इंडस्ट्रीज के चेयरमैन रहे। कंपनी पर भारी कर्ज होने के बाद दिसंबर 2010 में इसका बड़ा हिस्सा जेएसडब्ल्यू स्टील को बेच दिया गया। इसके बाद प्रमोद मित्तल ने ग्लोबल स्टील होल्डिंग्स के जरिए विदेशों में कारोबार किया।

शाही शादियों से चर्चा में आया परिवार

प्रमोद मित्तल की बेटियों की शादियां काफी चर्चा में रही थीं। उनकी बड़ी बेटी वर्तिका की शादी 2011 में इस्तांबुल के शानदार सिरागन पैलेस में हुई थी। वहीं दूसरी बेटी सृष्टि की शादी 2013 में बार्सिलोना में हुई। इस शादी पर करीब 5 करोड़ पाउंड (500 करोड़) खर्च होने की रिपोर्ट सामने आई थी।

अब घर बचाने की कानूनी लड़ाई

  • प्रमोद मित्तल को 19 जून 2020 को ब्रिटेन में दिवालिया घोषित किया गया था। उन पर भारी कर्ज था। अब लंदन के मेफेयर इलाके में स्थित रिनेसां कोर्ट नाम के घर को लेकर विवाद है। रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक बार्कलेज ने कर्ज की किस्तें नहीं चुकाने पर संपत्ति बेचने की प्रक्रिया शुरू की है।
  • प्रमोद की पत्नी संगीता मित्तल का कहना है कि यह घर उनके परिवार का स्थायी निवास है। वह इसे बचाने के लिए हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं।
  • कभी करोड़ों की शाही शादियों से सुर्खियों में रहने वाला परिवार आज अपने घर को बचाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटा रहा है।

शाहरुख खान हैं मित्तल के पड़ोसी

बिजनेसमैन प्रमोद मित्तल के परिवार ने कभी लंदन के वीवीआईपी मेफेयर इलाके में करोड़ों रुपये खर्च कर आलीशान बंगला खरीदा था। यह घर बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के लंदन वाले बंगले से कुछ ही कदमों की दूरी पर था। उस वक्त प्रमोद मित्तल के कारोबार का नाम दुनिया भर में था और परिवार शाही जिंदगी जी रहा था। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। दिवालिया घोषित हो चुके प्रमोद मित्तल की पत्नी संगीता मित्तल रेनेसां कोर्ट नाम के इसी बंगले को नीलामी से बचाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं। प्रमोद मित्तल अरबपति कारोबारी लक्ष्मी मित्तल के छोटे भाई हैं।