ट्विशा शर्मा मौत केस में रहस्य गहराया-मृत्यु से कुछ घंटे पहले सैलून विजिट का CCTV फुटेज, सास गिरिबाला सिंह की संदिग्ध कॉल और रिकॉर्ड/फुटेज मांगने की जल्दबाजी ने सवाल खड़े किए। भोपाल दहेज उत्पीड़न केस में आत्महत्या या साजिश, जांच तेज।
भोपाल। भोपाल के कटारा हिल्स में हुई 33 वर्षीय मॉडल और एक्टर ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला हर गुजरते दिन के साथ एक बेहद पेचीदा और रहस्यमयी ड्रामा बनता जा रहा है। अब इस केस में एक ऐसा नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है, जिसने जाँच की दिशा बदल दी है। ट्विशा की मौत से ठीक कुछ घंटे पहले का एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें वे भोपाल के एक स्थानीय सैलून में दिखाई दे रही हैं। इस फुटेज के सामने आने के बाद ट्विशा की रसूखदार सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सैलून मालिक के ताजा दावों ने इस पूरी थ्योरी में सस्पेंस और गहरी साज़िश की बू ला दी है।

मौत से 6 घंटे पहले का टाइमलाइन: सैलून में सुकून, फिर फंदे पर लाश?
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, 12 मई को दोपहर करीब 3:12 बजे ट्विशा शर्मा कटारा हिल्स इलाके के एक सैलून में पहुंची थीं। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के मुताबिक, ट्विशा वहां बेहद सामान्य दिख रही थीं। उन्होंने सैलून में हेड मसाज लिया और पेडीक्योर भी करवाया। शाम को करीब 6:15 बजे वे सैलून से बाहर निकलीं। हैरान करने वाली बात यह है कि जो महिला शाम सवा छह बजे तक खुद को संवारने में लगी थी, वह कुछ ही घंटों बाद अपने ससुराल में फंदे से लटकी पाई गई। आखिर इन चंद घंटों के भीतर ऐसा क्या हुआ कि ट्विशा की जान चली गई? मायके पक्ष का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी 'दहेज हत्या' है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
"बहू मर चुकी थी और सास फुटेज मांग रही थी"-सैलून मालिक का सनसनीखेज दावा
इस हाई-प्रोफाइल मामले में सबसे बड़ा धमाका सैलून की मालिक किरण परिहार के बयान से हुआ है। किरण ने बताया कि ट्विशा की मौत के अगले ही दिन, उनकी सास गिरिबाला सिंह (जो कि एक रिटायर्ड जज और उपभोक्ता अदालत की अध्यक्ष हैं) का उनके पास फोन आया। गिरिबाला सिंह अपनी बहू के दुख में डूबे होने के बजाय, बेहद शातिराना ढंग से सबूत इकट्ठा करने में जुटी थीं। किरण परिहार के मुताबिक, गिरिबाला सिंह ने फोन पर लगातार पूछताछ की कि ट्विशा सैलून कब आई थी, कब निकली और उसने पेमेंट किस मोड (ऑनलाइन या कैश) से किया था? इतना ही नहीं, उन्होंने सैलून मालिक से उस शाम का सीसीटीवी फुटेज और पेमेंट का पक्का रिकॉर्ड भी माँगा।
शक गहराया: वकीलों की फौज के साथ सैलून पहुंचे सह-आरोपी के नुमाइंदे
सैलून मालिक किरण परिहार को बार-बार आ रहे फोन और इस अजीब पूछताछ पर गहरा शक हुआ। दोपहर में जब गिरिबाला सिंह का दोबारा फोन आया और उन्होंने फिर से सीसीटीवी फुटेज का दबाव बनाया, तब किरण ने उनसे पूछ लिया- "क्या ट्विशा जी ठीक हैं?" तब जाकर पूर्व जज सास ने बेहद ठंडे लहजे में बताया कि उनकी बहू ने आत्महत्या कर ली है।
सैलून मालिक के बयान से उठे 3 बड़े सवाल
- मौत के तुरंत बाद पूर्व जज सास सबूत (CCTV) क्यों जुटा रही थीं?
- पुलिस से पहले वकीलों की फौज ने सैलून में क्यों डाला डेरा?
- क्या खुद को बचाने के लिए पहले से रची जा रही थी 'फर्जी थ्योरी'?
सस्पेंस यहीं खत्म नहीं होता; इसके तुरंत बाद वकीलों का एक पूरा ग्रुप सैलून में इकट्ठा हो गया। उन्होंने दबाव बनाकर तुरंत एक टेक्नीशियन को मौके पर बुलवाया और सीसीटीवी फुटेज के कुछ चुनिंदा हिस्से अपने साथ ले गए।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बनाम मायके के आरोप: क्या छिपाई जा रही है हकीकत?
हालांकि शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्विशा की मौत का कारण फांसी (आत्महत्या) बताया गया है और ससुराल पक्ष लगातार यह नैरेटिव सेट करने में जुटा है कि ट्विशा नशे की आदी थीं। लेकिन ट्विशा के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी को फंसाया जा रहा है। रसूखदार ससुराल वाले अपने रूतबे का इस्तेमाल कर सबूतों से छेड़छाड़ कर रहे हैं। भोपाल पुलिस ने अब तक ट्विशा के पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अग्रिम जमानत पर बाहर चल रही सास गिरिबाला सिंह पर भी दहेज हत्या (BNS धारा 80(2)) और क्रूरता का केस दर्ज है। हाई कोर्ट के आदेश पर अब AIIMS दिल्ली की टीम दोबारा पोस्टमॉर्टम करने जा रही है, और कयास लगाए जा रहे हैं कि सैलून का यह फुटेज इस केस का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होगा।


