Vacation Offer: रिश्तेदारों को घर बुलाने पर ₹2.34 लाख का बंपर ऑफर मिल रहा है। जानिए ये अनोखी स्कीम क्या है, कहां चल रही है, नियम और अप्लाई करने की पूरी डिटेल्स...
Dubai Invite Offer: अगर कोई आपसे कहे कि अपने रिश्तेदारों या दोस्तों को घर बुलाइए और बदले में करीब ₹78,000 के फ्री वाउचर पाइए, तो शायद आपको यकीन न हो। लेकिन ऐसा ऑफर सच में चल रहा है। दुबई सरकार ने टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए एक खास स्कीम शुरू की है, जिसमें UAE में रहने वाले लोग अपने विदेशी रिश्तेदारों या दोस्तों को दुबई बुलाकर शानदार रिवॉर्ड पा सकते हैं। मतलब चाचा-चाची, मामा-मामी, साला-साली, भाई-बहन किसी को भी बुलाकर आप इस स्कीम का फायदा उठा सकते हैं। आइए जानते हैं यह ऑफर क्या है और इसके लिए आपको क्या करना होगा...
A Dubai Invite स्कीम क्या है?
दुबई डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म (DET) ने 'A Dubai Invite' नाम का नया प्रोग्राम शुरू किया है। इसके तहत अगर यूएई में रहने वाला कोई व्यक्ति अपने विदेशी रिश्तेदार या दोस्त को दुबई बुलाता है, तो उसे 3000 दिरहम यानी करीब ₹78,000 तक के रिवॉर्ड वाउचर मिल सकते हैं। इन वाउचर्स का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, घूमने की जगहों और दूसरी लाइफस्टाइल सर्विसेज में किया जा सकेगा।
₹2.34 लाख कैसे मिलेंगे?
एक व्यक्ति इस स्कीम के तहत ऐसे मैक्सिमम 3 रिवॉर्ड पैकेज यानी कुल ₹2.34 लाख तक हासिल कर सकता है। अगर आपके पास कई रिश्तेदार हैं और आप अलग-अलग ग्रुप में उन्हें बुलाते हैं, तो आप अधिकतम 3 बार में 78-78 हजार करके कुल ₹2.34 लाख तक के फ्री वाउचर्स हासिल कर सकते हैं।
दुबई सरकार ऐसा ऑफर क्यों दे रही है?
बीते कुछ महीनों में युद्ध और क्षेत्रीय तनाव का असर दुबई के टूरिज्म सेक्टर पर भी पड़ा। गर्मियों में पहले से ही पर्यटकों की संख्या कम रहती है। ऐसे में सरकार चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को दुबई बुलाएं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन कारोबार फिर से तेजी पकड़ सके।
फ्री गिफ्ट वाउचर में क्या-क्या मिलेगा?
प्रीमियम होटलों में रुकने की छूट: W दुबई, द वेस्टिन, ले मेरिडियन और IHG जैसे नामी होटलों में फ्री या डिस्काउंटेड स्टे।
शानदार रेस्टोरेंट्स में खाना: दुबई के मशहूर रेस्टोरेंट्स में डाइनिंग वाउचर्स।
घूमने की जगहों पर एंट्री पास: दुबई के बड़े टूरिस्ट स्पॉट्स पर खास डिस्काउंट।
राइड्स पर बचत: करीम (Careem) और हला (Hala) कैब बुकिंग पर स्पेशल ऑफर्स।
कब तक वैलिड रहेगा ये ऑफर?
- दुबई डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म के अनुसार, मेहमानों को 20 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 के बीच दुबई पहुंचना होगा।
- मिलने वाले वाउचर्स का इस्तेमाल आप 31 दिसंबर 2026 तक कभी भी कर सकते हैं।
इस स्कीम का फायदा कौन उठा सकता है?
- UAE का नागरिक या वैलिड रेजिडेंट होना चाहिए।
- उम्र कम से कम 18 साल हो।
- वैलिड Emirates ID होना जरूरी है।
- बुलाया गया मेहमान विदेशी होना चाहिए।
- मेहमान 20 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 के बीच दुबई पहुंचे।
- भारत से जाने वाले मेहमान के पास अपना वैलिड टूरिस्ट वीजा या 'वीजा ऑन अराइवल' होना चाहिए।
ऑफर के लिए अप्लाई करने का आसान तरीका
- दुबई में रह रहे आपके रिश्तेदार को आपके आने से पहले ऑनलाइन फॉर्म भरकर आपका नाम नॉमिनेट करना होगा।
- एक फॉर्म में एक बार में 5 मेहमानों के नाम जोड़े जा सकते हैं। अगर रिश्तेदार ज्यादा हैं, तो दूसरा फॉर्म भरना होगा।
- गल्फ न्यूज के मुताबिक, जैसे ही आप दुबई एयरपोर्ट पर उतरेंगे, सिस्टम अपने आप आपकी एंट्री वेरिफाई कर लेगा। आपको अलग से कोई कागजात दिखाने की जरूरत नहीं होगी।
- लैंडिंग के 72 घंटे के अंदर बुलाने वाले व्यक्ति को ईमेल के जरिए रिवॉर्ड वाउचर्स मिल जाएंगे।
इन 4 बातों का रखें खास ख्याल
- एक टूरिस्ट का नाम सिर्फ एक ही निवासी रजिस्टर कर सकता है। अगर किसी दूसरे रिश्तेदार ने पहले ही एंट्री कर दी है, तो दोबारा फॉर्म सबमिट नहीं होगा।
- इन वाउचर्स को अगस्त 2026 से जारी किया जाएगा।
- इस स्कीम में वीजा शामिल नहीं है। मेहमान को अपना वीजा खुद बनवाना होगा।
- एक यूएई निवासी मैक्सिमम तीन रिवॉर्ड पैकेज ही हासिल कर सकता है।


