Tokyo Investment Meet: टोक्यो में यूपी इन्वेस्टमेंट रोड शो के दौरान मारुति सुजुकी और मिंडा कॉरपोरेशन सहित ऑटो कंपनियों ने उत्तर प्रदेश को औद्योगिक ग्रोथ इंजन बताया। योगी सरकार की ईवी नीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस ने भरोसा बढ़ाया है।
UP Investment Roadshow Tokyo 2026: जापान की राजधानी Tokyo में आयोजित यूपी इन्वेस्टमेंट रोड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन से पहले देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश को भारत का उभरता हुआ औद्योगिक ग्रोथ इंजन बताया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में व्यापक बदलाव हुए हैं। इन सुधारों ने राज्य की छवि को बदला है और यूपी को निवेश के लिए सबसे भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य बना दिया है।
UP Mega Transformation: नौ वर्षों में बदली मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम की तस्वीर
मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (कॉरपोरेट अफेयर्स) राहुल भारती ने कहा कि करीब नौ साल पहले तक उत्तर प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग के लिए उपयुक्त राज्य नहीं माना जाता था। लेकिन नई सरकार बनने के बाद राज्य में “मेगा ट्रांसफॉर्मेशन” देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने यूपी को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य तय किया और कुछ ही वर्षों में उसके नतीजे साफ नजर आने लगे। आज उत्तर प्रदेश राजस्व वृद्धि, वित्तीय अनुशासन, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, कृषि उत्पादन, पौधरोपण, एथेनॉल उत्पादन, हैंडीक्राफ्ट निर्यात और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों में आगे है। राहुल भारती ने खास तौर पर इलेक्ट्रिक और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वाहन नीति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस नीति की वजह से यूपी ईवी और हाइब्रिड वाहनों की वृद्धि दर में देश का अग्रणी राज्य बन गया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि इन प्रोत्साहनों के बावजूद राज्य के राजस्व में कमी नहीं आई, बल्कि बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने यूपी की नीति व्यवस्था को “वाइब्रेंट पॉलिसी इकोसिस्टम” बताया और कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था, तेज फैसले और समयबद्ध क्रियान्वयन उद्योगों को भरोसा देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि Subros और Spark Minda जैसी ऑटो कंपोनेंट कंपनियों की सक्रिय मौजूदगी से राज्य का ऑटोमोबाइल इकोसिस्टम और मजबूत हुआ है।
Scale, Speed and Stability: यूपी बना जापानी निवेशकों के लिए लॉन्च पैड
रोड शो में Minda Corporation Ltd के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आकाश मिंडा ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश स्केल, स्पीड और स्टेबिलिटी का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आधुनिक एक्सप्रेसवे, फ्रेट कॉरिडोर, औद्योगिक हब और उद्योग समर्थक नीतियों के जरिए राज्य एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग बेस तैयार कर रहा है। उत्तर प्रदेश देश के सबसे बड़े कार्यबल और तेजी से बढ़ते उपभोक्ता बाजार तक सीधी पहुंच देता है। इसलिए जापानी कंपनियों के लिए यूपी केवल निवेश की जगह नहीं, बल्कि लंबे समय की औद्योगिक सफलता का लॉन्च पैड है। आकाश मिंडा ने बताया कि स्पार्क मिंडा की यूपी में 14 से ज्यादा विनिर्माण इकाइयां संचालित हैं, जहां 6000 से अधिक लोग काम कर रहे हैं। इनमें 500 से ज्यादा दिव्यांगजन भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यीडा क्षेत्र में लगभग 2 लाख वर्गमीटर जमीन का आवंटन सिर्फ 45 दिनों में पूरा होना, राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और पारदर्शिता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने घोषणा की कि कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स बैकवर्ड इंटीग्रेशन, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल मोबिलिटी सेक्टर में निवेश करेगी। इससे अगले 2 से 3 वर्षों में 3000 से 4000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।


