CM योगी और BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा की। सीएम योगी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की। दर्शन के बाद दोनों नेताओं ने विधायक के आवास जाकर शोक भी जताया।

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को मथुरा स्थित बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। दोनों नेताओं ने आराध्य श्री बांके बिहारी जी की चौखट पर शीश झुकाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

वैदिक मंत्रों के साथ पूजा, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नितिन नबीन ने ठाकुर जी के समक्ष दीपक प्रज्ज्वलित किया और पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर सीएम योगी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की। दर्शन के पश्चात मंदिर के सेवायतों द्वारा दोनों नेताओं को प्रसाद भेंट किया गया।

भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार ब्रज भूमि पहुंचे नितिन नबीन

भाजपा अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद नितिन नबीन पहली बार उत्तर प्रदेश की पावन ब्रज भूमि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आध्यात्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में सहभागिता की।

कई केंद्रीय व प्रदेश स्तर के नेता रहे उपस्थित

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी बांके बिहारी जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

विधायक के आवास पहुंचकर सीएम योगी और भाजपा अध्यक्ष ने जताया शोक

बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन मांट विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे। विधायक की माता का हाल ही में निधन हो गया था। दोनों नेताओं ने स्वर्गीय माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।