उत्तर प्रदेश बजट 2026-27 में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के तहत आगरा सहित 10 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की घोषणा हुई है। एत्मादपुर में 50 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक ट्रेनिंग और पढ़ाई दोनों सुविधाएं मिलेंगी।
आगरा। उत्तर प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में ‘नंबर वन’ बनाने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को बड़ी सौगात दी है। बजट 2026-27 में सरकार ने खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है। इसी योजना के तहत आगरा सहित प्रदेश के 10 मंडलों में नए स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएंगे। इसके लिए सरकार ने 80 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। इससे आगरा और आसपास के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
Agra Sports College Project: एत्मादपुर में 50 हेक्टेयर जमीन और शुरुआती 8 करोड़ का बजट
‘एक मंडल-एक स्पोर्ट्स कॉलेज’ नीति के तहत आगरा में बनने वाले स्पोर्ट्स कॉलेज की प्रक्रिया तेज हो गई है। एत्मादपुर क्षेत्र में लगभग 50 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। बजट में इस कॉलेज के लिए शुरुआती तौर पर लगभग 8 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस प्रस्तावित कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान, प्रशासनिक भवन, हॉस्टल और शिक्षा की सुविधाएं एक ही परिसर में विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को खेल के साथ पढ़ाई का संतुलित माहौल देना है, ताकि उनका समग्र विकास हो सके।
Center of Excellence Sports College: भविष्य के ओलंपियन तैयार करने की योजना
सरकार इस संस्थान को केवल एक कॉलेज नहीं बल्कि ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करना चाहती है। लक्ष्य है कि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारत की पदक संभावनाएं मजबूत हों। आगरा का यह स्पोर्ट्स कॉलेज भविष्य के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने वाली नर्सरी के रूप में विकसित किया जाएगा।
Sports Experts Reaction: खेल विशेषज्ञों ने फैसले का किया स्वागत
हेमलता काला (पूर्व क्रिकेटर व चयन समिति अध्यक्ष)
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक है। आगरा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उच्च स्तरीय सुविधाओं की जरूरत थी। स्पोर्ट्स कॉलेज बनने से यहां के युवा और खासकर बेटियां घर के पास ही बेहतर प्रशिक्षण पा सकेंगी। इससे नए स्टार खिलाड़ी उभरेंगे।
संजय गौतम (उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हॉकी संघ)
उनके अनुसार, खेलों को प्राथमिकता देना एक बड़ा सकारात्मक कदम है। मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज खुलने से ग्रामीण प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा। यह पहल भविष्य के ओलंपियन तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
कमल चौधरी (अध्यक्ष, आगरा हॉकी संघ)
उन्होंने कहा कि आगरा में स्पोर्ट्स कॉलेज का सपना अब सच होता दिख रहा है। पढ़ाई और खेल एक साथ होने से अभिभावक भी बच्चों को खेल में करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगे। यह कदम आगरा के खेल जगत के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।


