Vande Mataram Controversy,: वंदे मातरम् विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर पलटवार किया है। खरगे ने कहा कि उन्होंने वही वंदे मातरम् गाया, जिसे गांधी, नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी गाते थे। जानिए पूरा विवाद और खरगे का बयान।
वंदे मातरम् को लेकर छिड़ी सियासी बहस अब और तीखी होती जा रही है। बीजेपी के आरोपों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोवा में ऐसा बयान दिया है, जिसने विवाद को सीधे इतिहास और पुरानी परंपराओं से जोड़ दिया है। खरगे ने कहा कि उन्होंने वही वंदे मातरम् गाया, जिसे महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी गाते रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उनका ऐसा करना अपराध है तो फिर उन नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
खरगे बोले- मैंने वही वंदे मातरम् गाया
गोवा में मीडिया से बातचीत के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उन्होंने कोई नई परंपरा शुरू नहीं की है। उनका कहना था कि कांग्रेस करीब 90 साल से चली आ रही परंपरा को ही आगे बढ़ा रही है। खरगे ने कहा कि देश के राष्ट्रीय गीत और उससे जुड़ी परंपराओं को लेकर सिर्फ यह तय नहीं किया जा सकता कि बीजेपी क्या कहती है।
खरगे ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने वही वंदे मातरम् गाया जो महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू गाते थे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर इसे गाना अपराध माना जाता है तो गांधी जी, नेहरू जी और सरदार वल्लभभाई पटेल के खिलाफ भी केस होना चाहिए। खरगे ने अटल बिहारी वाजपेयी का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने भी वही वंदे मातरम् गाया था।
यह भी पढ़ें: Shower Fine: सिर्फ 5 मिनट नहाना पड़ा इतना महंगा! भारतीय महिला को लगा ₹1.30 लाख का जुर्माना, जानिए कैसे
90 साल पुरानी परंपरा का दिया हवाला
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी को यह समझना चाहिए कि उसके अस्तित्व में आने से पहले ही कांग्रेस के स्तर पर देश के लिए राष्ट्रीय गीतों को लेकर परंपराएं तय हो चुकी थीं। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि कोई राजनीतिक दल जो कह दे, वही राष्ट्रीय नियम बन जाए।
खरगे के मुताबिक, सरकारें बदलती रहती हैं और उनके साथ नियमों की व्याख्या भी बदल सकती है, लेकिन कांग्रेस ने वंदे मातरम् को लेकर वही परंपरा जारी रखी है, जो दशकों से चली आ रही है।
कैसे शुरू हुआ वंदे मातरम् विवाद?
वंदे मातरम् को लेकर मौजूदा विवाद 15 अगस्त के बाद उस समय तेज हुआ, जब बीजेपी ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के कथित अपमान का आरोप लगाया। बीजेपी की ओर से आरोप लगाया गया कि एक कार्यक्रम में सोनिया गांधी ने इशारा कर वंदे मातरम् को बीच में रुकवा दिया।
इसके बाद दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब गोवा में कांग्रेस की एक रैली के दौरान वंदे मातरम् के सभी छह छंदों के बजाय केवल शुरुआती दो छंद गाए गए। इसी मुद्दे पर बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर है, जबकि खरगे ने अपने बयान के जरिए इसे पुरानी कांग्रेस परंपरा और ऐतिहासिक संदर्भ से जोड़कर बीजेपी के आरोपों को खारिज करने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025: 17 को अर्जुन अवॉर्ड, लेकिन खेल रत्न के लिए कोई नाम क्यों नहीं?
