Ujjain Stunt Video : उज्जैन में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें आरोपियों ने पटाखों से भरी कार को क्रेन से लटकाया और फिर एक बाद एक धमाके किए।
उज्जैन (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां बड़नगर कस्बे में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक खतरनाक स्टंट किया गया, जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। एक वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक कार को क्रेन से करीब 40 फीट ऊपर लटकाया गया है। इसके बाद कार के अंदर रखे पटाखों में आग लगा दी गई, जिससे एक जोरदार धमाका हुआ।

ऊपर लटकी कार में हुआ धमाका!
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ के ठीक ऊपर कार लटक रही है और कुछ युवक लाल झंडे लहरा रहे हैं। इसके कुछ ही सेकंड बाद कार में धमाका हो जाता है। पुलिस ने बताया कि कार का इंजन बंद था और शीशे भी पूरी तरह बंद थे। कार के अंदर 'रॉकेट' जैसे पटाखे भरे हुए थे, जिनके फटने से धमाके जैसा असर हुआ।
'मौत का स्टंट' पड़ा भारी! 4 लोगों पर FIR
- एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) करनदीप सिंह ने बताया कि वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और FIR दर्ज कर ली। आरोपियों पर दूसरों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालना और विस्फोटक पदार्थों के साथ लापरवाही के तहत मामला दर्ज किया गया है। ASP सिंह ने कहा, "बीती रात बड़नगर के अदन मोहल्ले में एक अखाड़े में यह घटना हुई। एक गाड़ी को क्रेन से लटकाकर उसमें पटाखे फोड़े गए।
- पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें कार्यक्रम का आयोजक शोएब खान, कार पर झंडे फहराने वाले जाहिद खान और तालीम, और स्टंट के लिए इस्तेमाल हुई क्रेन का मालिक गोपाल माली शामिल है।
- अधिकारी ने कहा, "हमने 4 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें आयोजक शोएब खान, झंडा फहराने वाले जाहिद खान और तालीम, और क्रेन मालिक गोपाल माली शामिल हैं। इन सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
- उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कार के अंदर दिवाली पर इस्तेमाल होने वाले रॉकेट पटाखे रखे गए थे।
40 फीट ऊंचाई पर कार और नीचे भीड़
- ASP ने कहा, “चूंकि कार बंद थी और उसके शीशे भी चढ़े हुए थे, इसलिए पटाखों से निकले धुएं और गैस की वजह से धमाका इतना बड़ा दिखा। शुरुआती तौर पर ये बातें सामने आई हैं, बाकी जांच अभी चल रही है।” उन्होंने यह भी साफ किया कि प्रशासन ने ऐसे किसी भी स्टंट के लिए कोई इजाजत नहीं दी थी, जिसमें विस्फोटक या हवा में लटकी कार का इस्तेमाल हो।
- अधिकारी ने कहा, “प्रशासन कभी भी पटाखों या ऐसी गतिविधियों की इजाजत नहीं देता जिससे जनता को खतरा हो। सिर्फ जुलूस निकालने की परमिशन दी गई थी। कार लटकाने या विस्फोटक इस्तेमाल करने की कोई इजाजत नहीं थी। अखाड़े अक्सर ज्यादा भीड़ खींचने के लिए ऐसे स्टंट करते हैं। वे काफी समय से ऐसा कर रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने हद पार कर दी, इसलिए हमने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है।


