West Bengal Budget : बंगाल में पहली बार बनी बीजेपी सरकार ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। सीएम सुवेंदुर् अधिकारी के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कर्मचारियों से लेकर युवाओं तक के लिए ऐलान किए हैं।
BJP Government First Budget in Bengal : पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए कुल 4,38,775.29 करोड़ रुपये (नेट) का बजट पेश किया गया, जिसमें कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और नई योजनाओं का ऐलान किया गया है।राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने विधानसभा में राज्य की पहली बीजेपी सरकार का बजट पेश किया।

बंगाल बजट की 10 बड़ी घोषणाएं
- बीजेपी के चुनावी वादे को पूरा करते हुए, राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की। दासगुप्ता ने विधानसभा में कहा, "सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जिससे कुल डीए 38 प्रतिशत हो गया है। यह 1 अक्टूबर से लागू होगा।"
- वित्त मंत्री ने अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं को 3,000 रुपये देने के साथ-साथ, हायर एजुकेशन में लड़कियों का ड्रॉपआउट रेट कम करने के लिए अविवाहित छात्राओं को 50,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की।
- कैश ट्रांसफर योजनाओं में, पश्चिम बंगाल सरकार ने 21-45 साल के बेरोजगार ग्रेजुएट्स के लिए अक्टूबर से 3,000 रुपये महीने के भत्ते का प्रस्ताव रखा है। वहीं, अन्य बेरोजगारों को 2,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।
- दासगुप्ता ने कहा कि इस योजना का फायदा उन छात्रों को मिलेगा “जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये से कम है और जो किसी दूसरी सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं।
- ”रिटायर हो चुके पत्रकारों को 5,000 रुपये की मासिक पेंशन दी जाएगी।
- बीजेपी के घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक, सरकार ने केंद्र की मदद से उत्तर बंगाल में एक IIT और एक IIM बनाने का प्रस्ताव रखा है।
- फाल्टा सीट, जिसे पार्टी ने दोबारा हुए मतदान में जीता था, के लिए दासगुप्ता ने उस इलाके को एक मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना की घोषणा की।
- वित्त मंत्री ने कहा, “मैं बागान मजदूरों के लिए एक यूनियन बोर्ड बनाने का प्रस्ताव रख रहा हूं। यह चाय बागान के मजदूरों के लिए अलग-अलग कल्याणकारी प्रोजेक्ट्स की देखरेख करेगा। सिविक वॉलंटियर्स, विलेज पुलिस और ग्रीन पुलिस की सैलरी अगस्त 2026 से 2,000 टका बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।”
- राज्य सरकार ने दुर्गापुर, आसनसोल, सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी में मेट्रो कनेक्टिविटी शुरू करने के लिए एक टेक्नो-इकोनॉमिक सर्वे शुरू कर दिया है।
- वित्त मंत्री ने केंद्र के सहयोग से गंगासागर मेले को एक अंतरराष्ट्रीय, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव में बदलने का प्रस्ताव रखा। इसी तरह, उन्होंने कहा कि जगद्धात्री पूजा, तारकेश्वर मेला, बारुनी मेला, राश मेला, जल्पेश मेला और अन्य कार्यक्रमों को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में बदला जाएगा।
- दासगुप्ता ने सदन को बताया, "मैं सभी सरकारी सिस्टम को पेपरलेस बनाने की प्रक्रिया शुरू कर रहा हूं।"
राज्य सरकार ने कृषि के लिए 8,565.84 करोड़ रुपये, पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए 2,544.48 करोड़ रुपये, आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा के लिए 3,035.95 करोड़ रुपये और उद्योग, वाणिज्य और उद्यमों के लिए 3,266.59 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
बजट की फाइल बंगाली चटाई से बनी थी
जब सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपना पहला बजट पेश किया, तो बजट की फाइल पारंपरिक बंगाली चटाई और जूट से बनी थी। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और स्वपन दासगुप्ता ने विधानसभा में बजट पेश करने से पहले पूजा भी की।


