Who is Bushra Bano: IPS बुशरा बानो के UPSC वीडियो में कुछ शब्दों के इस्तेमाल पर सोशल मीडिया पर जमकर बवाल हुआ। इसके बाद उनका खड़गपुर ASP पद से तबादला कर दिया गया।

पश्चिम बंगाल की IPS अधिकारी बुशरा बानो का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पुलिस की वर्दी में बनाए गए इस वीडियो में उन्होंने 'अस्सलामुअलैकुम', 'इंशाल्लाह' और 'जजाकल्लाह' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इन शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और वीडियो की जमकर आलोचना की। इसी बीच सोमवार को बुशरा बानो का तबादला कर दिया गया।

कौन हैं बुशरा बानो?

  • बुशरा बानो 2021 बैच की IPS अधिकारी हैं। वह पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में एडिशनल SP के पद पर तैनात थीं।
  • उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सौरिख गांव की रहने वाली डॉ. बानो ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट में Ph.D. की है।
  • सिविल सर्विस में आने से पहले, उन्होंने सऊदी अरब में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर काम किया था।
  • IPS में आने से पहले डॉ. बानो ने उत्तर प्रदेश में सब-डिविज़नल मजिस्ट्रेट (SDM) के तौर पर भी काम किया

बुशरा बानों ने किसके लिए बनाया था वीडियो?

  • बुशरा ने 13 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में वह UPSC की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाती नजर आई थीं।
  • वीडियो में बुशरा बानो ने UPSC की तैयारी के दौरान अपने अनुभव साझा किए थे।
  • उन्होंने बताया था कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी ने उनकी UPSC की तैयारी में मदद की थी।
  • यह वीडियो अब उनके सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट हो चुका है। वीडियो में बुशरा बानो पुलिस की वर्दी में थीं।
  • इसी दौरान उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए 'अस्सलामुअलैकुम', 'इंशाल्लाह' और 'जजाकल्लाह' जैसे शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्ति जताई गई।

बुशरा बानो का तबादला कहां हुआ?

विवादित वीडियो वायरल होने के बाद अब बुशरा बानो को राज्य सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है। सरकार ने उनकी जगह पार्थ घोष को खड़गपुर का एडिशनल SP नियुक्त किया है। हालांकि, बुशरा बानो के तबादले को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

किसने शेयर किया बुशरा बानो का वीडियो

  • 'हिंदू लीगल फंड' नाम के एक X अकाउंट ने बुशरा बानो का वीडियो शेयर किया था।
  • संगठन ने दावा किया कि इस मामले को लेकर पश्चिम बंगाल के गृह सचिव के पास शिकायत की गई है।
  • संगठन ने अपनी पोस्ट में कहा कि भारतीय राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एक अधिकारी को सार्वजनिक बातचीत में निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए।
  • पोस्ट में यह भी कहा गया कि बुशरा बानो को 'वंदे मातरम' या 'जय हिंद' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए था।
  • वीडियो को लेकर कई अन्य X हैंडल्स ने भी बुशरा बानो द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों की आलोचना की थी।

सोशल मीडिया चर्चा के बाद हुआ तबादला

  • वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू होने के कुछ दिनों बाद सोमवार को पश्चिम बंगाल सरकार ने तबादले का नोटिफिकेशन जारी किया।
  • नोटिफिकेशन के मुताबिक, बुशरा बानो को राज्य सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है।
  • वहीं, उनकी जगह पार्थ घोष को खड़गपुर में एडिशनल SP के पद पर तैनात किया गया है।
  • सरकारी नोटिफिकेशन में बुशरा बानो के तबादले की कोई वजह नहीं बताई गई है।
  • राज्य सरकार की तरफ से भी इस पूरे मामले पर अब तक कोई आधिकारिक सफाई नहीं दी गई है।

तबादले और वीडियो विवाद के बीच क्या संबंध है?

फिलहाल इतना स्पष्ट है कि UPSC से जुड़े वीडियो में बुशरा बानो द्वारा इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हुई थी। इसके बाद 'हिंदू लीगल फंड' ने गृह सचिव के पास शिकायत किए जाने का दावा किया। इसके कुछ दिनों बाद बुशरा बानो का तबादला कर दिया गया। हालांकि, इन दोनों घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी न तो सरकार और न ही बुशरा बानो की ओर से कोई पुष्टि की गई है। इसलिए तबादले को वीडियो विवाद से जोड़कर देखना फिलहाल सिर्फ अटकल ही है।