US Election Result 2026 : जयपुर मूल के परिवार में जन्मी पिया डांडिया ने अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। 28 साल की उम्र में स्कूल की फाउंडर प्रिंसिपल बनने वाली पिया अब फ्लोरिडा से अमेरिकी संसद पहुंचेंगी।
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल की पिया डांडिया ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने फ्लोरिडा से डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट पर यूएस हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) का चुनाव जीता है। पिया को कुल 51.89% वोट मिले, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार केसी असकर को 48.11% वोट मिले।
इस जीत के साथ पिया अमेरिका की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई हैं। वे फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करेंगी। खास बात यह है कि वे फ्लोरिडा से चुनाव जीतने वाली भारतीय मूल की पहली महिला बन गई हैं।
1980 में जयपुर से अमेरिका गया था परिवार
- पिया डांडिया का परिवार मूल रूप से राजस्थान की राजधानी जयपुर का रहने वाला है। उनके माता-पिता साल 1980 में जयपुर से अमेरिका जाकर बस गए थे। पिया का जन्म अमेरिका में ही हुआ और वहीं उनकी परवरिश हुई।
- उनके पिता डॉ. रोहित डांडिया पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की थी। परिवार के कई रिश्तेदार आज भी जयपुर में रहते हैं।
मां के मोंटेसरी स्कूल से हुई शुरुआती पढ़ाई
- पिया की मां शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हैं। उन्होंने अमेरिका के जुपिटर शहर में एक मोंटेसरी स्कूल शुरू किया था। पिया की शुरुआती पढ़ाई भी इसी स्कूल में हुई। बचपन से ही शिक्षा के माहौल में रहने के कारण उनकी रुचि भी इस क्षेत्र में बढ़ी।
- अमेरिका में रहने के बावजूद पिया का जयपुर से जुड़ाव बना रहा। उनके माता-पिता छुट्टियों में उन्हें रिश्तेदारों से मिलने जयपुर भेजते थे। कॉलेज के दिनों तक वे जयपुर आती-जाती रहीं।
28 साल की उम्र में बनीं स्कूल की फाउंडर प्रिंसिपल
- पिया ने शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने न्यूयॉर्क के हार्लेम इलाके में कम आय वाले परिवारों के बच्चों के लिए एक हाई स्कूल शुरू किया। महज 28 साल की उम्र में वे इस स्कूल की संस्थापक प्रिंसिपल बन गईं।
- उनके स्कूल से पढ़ने वाले कई विद्यार्थियों को अच्छे कॉलेजों में दाखिला मिला। शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के दौरान ही उनकी राजनीतिक गतिविधियों में रुचि बढ़ी और वे डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़ गईं।
व्हाइट हाउस और Apple में भी किया काम
- पिया डांडिया का अनुभव केवल शिक्षा और राजनीति तक सीमित नहीं है। वे व्हाइट हाउस फेलो के रूप में भी काम कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने दुनिया की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल Apple में भी कुछ समय तक काम किया।
- अब अमेरिकी कांग्रेस का चुनाव जीतकर उन्होंने अपने करियर में एक नया मुकाम हासिल किया है। जयपुर से अमेरिका जाकर बसे परिवार की बेटी की यह कामयाबी भारतीय मूल के लोगों के लिए भी खास मानी जा रही है।






