Raksha Bandhan 2026: रक्षा बंधन हिंदुओं के प्रमुख त्योहारों में से एक है। ये पर्व हर साल श्रावण मास के अंतिम दिन मनाय जाता है। इस दिन महिलाएं पूर्णिमा का व्रत भी करती हैं।

Raksha Bandhan 2026 Date: सावन का महीना भगवान शिव की पूजा के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण त्योहारों के लिए भी खास माना जाता है। इन्हीं में से एक है रक्षाबंधन। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक यह पर्व हर साल सावन पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाता है। इस बार सावन पूर्णिमा की तिथि दो दिन तक रहने के कारण लोगों के बीच रक्षाबंधन की तारीख को लेकर असमंजस बना हुआ है। आगे जानिए साल 2026 में रक्षाबंधन कब मनाया जाएगा और पूर्णिमा व्रत कब रखें…

सावन पूर्णिमा तिथि कब से कब तक रहेगी?

पंचांग के अनुसार, साल 2026 में सावन मास की पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त, गुरुवार की सुबह 09 बजकर 08 मिनट से शुरू होगी जो 28 अगस्त, शुक्रवार की सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगी। इस तरह पूर्णिमा तिथि का संयोग 2 दिन होने से ये कन्फ्यूजन हो रहा है कि व्रत कब करें और रक्षाबंधन कब मनाएं?

कब करें सावन पूर्णिमा व्रत?

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. नलिन शर्मा के अनुसार, पूर्णिमा तिथि का व्रत हमेशा चंद्रोदय तिथि में किया जाता है। चूंकि श्रावण पूर्णिमा तिथि का चंद्रोदय 27 अगस्त, गुरुवार को होगा, इसलिए इसी दिन सावन पूर्णिमा का व्रत किया जाएगा। व्रत से संबंधित सभी कार्य इसी दिन करना शुभ रहेगा।

ये भी पढ़ें-
Chandra Grahan 2026: अगस्त में होगा साल का दूसरा चंद्र ग्रहण, भारत में दिखेगा या नहीं? जानें डेट और टाइम

कब मनाएं रक्षाबंधन 2026?

ज्योतिषाचार्य पं. शर्मा के अनुसार रक्षा बंधन का पर्व उस दिन मनाया जाता है जिस दिन सूर्योदय के समय पूर्णिमा तिथि हो और ये स्थिति 28 अगस्त, शुक्रवार को बन रही है। इसलिए रक्षाबंधन का पर्व भी इसी दिन मनाया जाएगा। इस दिन पहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना करेंगे।

ये भी पढ़ें-
Kajari Teej 2026: कब है कजरी तीज, 30 या 31 अगस्त, कब करें रतजगा? यहां जानें पूरी डिटेल

रक्षाबंधन पर कब से कब तक रहेगी भद्रा?

रक्षा बंधन पर अक्सर भद्रा का संयोग बनता है। भद्रा एक अशुभ समय होता है जिसमें रक्षा बंधन पर्व मनाना शुभ नहीं माना जाता। लेकिन इस बार रक्षा बंधन पर भद्रा एक दिन पहले यानी 27 अगस्त की शाम को ही खत्म हो जाएगी। ऐसी स्थिति में भद्रा का रक्षा बंधन पर्व पर कोई असर नहीं होगा। बहनें दिन भर शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी।



Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो धर्म ग्रंथों, विद्वानों और ज्योतिषियों से ली गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।