भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच से पहले PCB प्रमुख मोहसिन नक़वी के बयान ने विवाद खड़ा किया। आसिम मुनीर का नाम लेकर सिविल-मिलिट्री संकेत दिए गए, हालांकि सरकार की सलाह के बाद पाकिस्तान मैच खेलने को राजी हुआ।
Ind vs Pakistan T20 World Cup: 15 फरवरी को भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच खेलने पर सहमति देने से कुछ घंटे पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का नाम लेते हुए कहा कि न तो वह और न ही पाकिस्तान सरकार भारत या ICC की किसी भी 'धमकी' से डरती है। उनका यह बयान ऐसे समय आया, जब भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर कई हफ्तों से अनिश्चितता, बहिष्कार की धमकियां और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बातचीत चल रही थी।
मोहसिन नकवी ने क्यों लिया आसिम मुनीर का नाम?
मोहसिन नकवी ने इस पूरे क्रिकेट विवाद में मिलिट्री लीडरशिप को सामने लाकर मामला और गंभीर बना दिया। विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ क्रिकेट से जुड़ा बयान नहीं था, बल्कि इसे सिविल-मिलिट्री ताकत के संकेत के रूप में देखा गया। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नकवी ने कहा, न तो मैं और न ही पाकिस्तान सरकार भारत या ICC की धमकियों से डरती है। और जहां तक फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर का सवाल है, आप जानते हैं कि वह कभी नहीं डरते।
सरकार की सलाह के बाद PCB ने बदला फैसला
पहले भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करने की धमकी के बाद आखिरकार PCB ने यू-टर्न लिया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अगुवाई में हुई बैठकों के बाद पाकिस्तान सरकार ने टीम को मैच खेलने की अनुमति दी। इन बैठकों में श्रीलंका, UAE और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड जैसे कई अंतरराष्ट्रीय स्टेकहोल्डर्स शामिल थे।
15 फरवरी को कोलंबो में होगा भारत-पाकिस्तान मैच
सरकार की सलाह के बाद PCB ने साफ किया कि पाकिस्तान की टीम तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ मैदान में उतरेगी। सरकारी बयान में कहा गया कि यह फैसला मित्र देशों के अनुरोध और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की भावना को बनाए रखने के लिए लिया गया है।
ICC की भूमिका और बांग्लादेश पर कोई कार्रवाई नहीं
ICC ने भी पुष्टि की कि लाहौर में PCB और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ हुई मध्यस्थता बैठकें सकारात्मक रहीं। ICC ने साफ किया कि इस पूरे विवाद के बावजूद बांग्लादेश पर किसी भी तरह की पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी। बता दें कि आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तीन अहम मांगों को भी ठुकरा दिया, जिसमें उसने भारत-पाकिस्तान बाइलेटरल सीरीज, भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश ट्राई-सीरीज और बांग्लादेश के लिए ICC का वैकल्पिक टूर्नामेंट कराने की मांग की थी।


