अमित शाह का हेलीकॉप्टर बिहार के बेगूसराय में थोड़ी देर के लिए कंट्रोल से बाहर चला गया था। घटना टेकऑफ के वक्त घटी। पायलट ने समय रहते हेलीकॉप्टर पर कंट्रोल पाया, जिससे हादसा टल गया। 

बेगूसराय। गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करने बिहार के बेगूसराय आए। लौटते वक्त अमित शाह का हेलीकॉप्टर थोड़ी देर के लिए अनियंत्रित हुआ। पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वक्त रहते हेलीकॉप्टर को नियंत्रित किया। इसके चलते अमित शाह बाल-बाल बच गए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अमित शाह के हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पायलट ने जैसे ही हेलीकॉप्टर का टेकऑफ कराया वह हवा में ऊपर उठने की जगह दाहिनी ओर लहराते हुए बढ़ा। हेलीकॉप्टर जमीन छूने वाला था। इससे पहले ही पायलट ने उसे नियंत्रित कर लिया। ऐसा लग रहा था मानों हेलीकॉप्टर को ऊपर उठने के लिए लिफ्ट नहीं मिल रही हो। अमित शाह का हेलीकॉप्टर चंद सेकंड के लिए जमीन के बेहद करीब मंडराया, इसके बाद धीरे-धीरे ऊपर उठा। हेलीकॉप्टर के सफलतापूर्वक उड़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

Scroll to load tweet…

बेगूसराय से चुनाव लड़ रहे हैं गिरिराज सिंह

बता दें कि भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बेगूसराय से चुनाव लड़ रहे हैं। अमित शाह उनके लिए चुनाव प्रचार करने आए थे। बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। भाजपा 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा का गठबंधन नीतीश कुमार की जदयू, चिराग पासवान की लोजपा और जीतन राम मांझी की हम के साथ है। जदयू 16, लोजपा 5 और हम 1 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अमित शाह के छेड़छाड़ किए गए वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना के CM को भेजा नोटिस, जांच के लिए बुलाया

बिहार में सभी सात चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में राज्य की चार सीटों और दूसरे चरण में 5 सीटों पर चुनाव हुए हैं। 2019 के चुनाव में भी भाजपा, जदयू और लोजपा का गठबंधन था। भाजपा को 17, जदयू को 16, लोजपा को 6 और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली थी।