Bihar New Govt: नीतीश कुमार 20 नवंबर को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसमें PM मोदी और टॉप एनडीए नेता शामिल होंगे। गांधी मैदान को 17-20 नवंबर तक तैयारियों के लिए बंद कर दिया गया है। आज कैबिनेट की आखिरी बैठक है। 

NDA Bihar Govt Formation: बिहार की राजनीति एक बार फिर इतिहास लिखने जा रही है। 20 नवंबर को JDU अध्यक्ष नीतीश कुमार राज्य के 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। NDA की नई सरकार के गठन पर बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार गांधी मैदान एक शानदार राजनीतिक पावर सेंटर बनने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस भव्य समारोह में मौजूद रहेंगे। उनके साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, योगी आदित्यनाथ और NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पटना गांधी मैदान 17 से 20 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद

पटना जिला प्रशासन ने रविवार को घोषणा की कि 17–20 नवंबर तक गांधी मैदान पूरी तरह आम जनता के लिए बंद रहेगा। इस दौरान सिर्फ शपथ ग्रहण की तैयारियों से जुड़े अधिकारी और सुरक्षा बलों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। मैदान की सजावट, स्टेज, सुरक्षा कवच और भीड़ प्रबंधन सभी पर तेजी से काम शुरू हो चुका है।

बिहार में कौन-कौन बनेगा मंत्री?

NDA के भीतर सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो चुका है। इस बार छोटे सहयोगी दलों को भी जगह दी जाएगी। कैबिनेट बंटवारा जो संभावित मानी जा रही है, उसमें बीजेपी के 16 मंत्री, जेडीयू के 14 मंत्री और मुख्यमंत्री, LJP (RV) यानी चिराग पासवान की पार्टी के 3 मंत्री, HAM-S मांझी के 1 मंत्री और RLM उपेंद्र कुशवाहा के 1 मंत्री बनाए जा सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सासाराम से जीतीं उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को भी मंत्री पद मिल सकता है।

बिहार कैबिनेट की आखिरी बैठक आज

कैबिनेट सचिवालय के नोटिफिकेशन के अनुसार, सोमवार 11:30 बजे अंतिम कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मौजूदा विधानसभा भंग करने की सिफारिश होगी। इसके बाद सीएम और मंत्री राजभवन जाएंगे। नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपेंगे, फिर नई सरकार के गठन का दावा पेश किया जाएगा। इसके तुरंत बाद JDU और फिर NDA विधायकों की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को NDA विधायक दल का नेता औपचारिक रूप से चुना जाएगा।

243 नवनिर्वाचित विधायकों की लिस्ट राज्यपाल को सौंपी गई

मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने रविवार को 243 नए विधायकों की सूची राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सौंप दी, जिससे चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूर्ण घोषित हो गई। इसके साथ ही पूरे राज्य से आचार संहिता हटाई गई।

नीतीश आवास पर लगातार बढ़ी राजनीतिक हलचल

रविवार को भी नीतीश कुमार के आवास पर नेताओं का आवागमन जारी रहा। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, RLM अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा जैसे कई बड़े नेताओं ने नई सरकार के गठन की रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद कुशवाहा और विजय सिन्हा दिल्ली रवाना हुए, जहां उनकी मुलाकात वरिष्ठ BJP नेताओं से हुई। देर रात मांझी और कुशवाहा ने दिल्ली में धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की।

इसे भी पढ़ें- बिहार चुनाव में जन सुराज का खाता शून्य, लेकिन PK को लेकर शहर में है सिर्फ एक चर्चा

इसे भी पढ़ें- चरम पर कलह! 2 लोगों की वजह से बर्बादी की कगार पर पहुंच चुका है लालू यादव का परिवार?