बिहार चुनाव 2025 के लिए बीजेपी ने 18 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने कुल 101 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। राघोपुर से तेजस्वी यादव के खिलाफ सतीश कुमार यादव को मैदान में उतारा गया है।
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। देर रात जारी की गई इस तीसरी सूची में 18 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। इसके साथ ही, पार्टी ने कुल 101 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करने का लक्ष्य पूरा कर लिया है, जैसा कि पहले ही पार्टी नेतृत्व ने ऐलान किया था।
यह घोषणाएं चरणबद्ध तरीके से की गईं। इससे पहले बुधवार शाम को 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची और सबसे पहले 71 नामों वाली पहली लिस्ट जारी की गई थी, जिसमें सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और मंगल पांडेय जैसे कद्दावर नाम शामिल थे।
राघोपुर से सतीश कुमार यादव मैदान में
इस तीसरी सूची में सबसे अधिक ध्यान आकर्षित करने वाला नाम राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से सामने आया है। यह सीट इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से तेजस्वी यादव चुनाव लड़ते हैं, जो महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार भी हैं। बीजेपी ने इस सीट से सतीश कुमार यादव को टिकट दिया है। सतीश कुमार यादव, तेजस्वी यादव को कड़ी टक्कर देने के इरादे से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
पश्चिमी और दक्षिण बिहार पर खास फोकस
तीसरी सूची में पश्चिमी बिहार (चंपारण) और दक्षिण बिहार (कैमूर/बक्सर/गया) की सीटों पर खास फोकस किया गया है। बीजेपी ने भभुआ से भरत बिंद और रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह को टिकट दिया है। ये सीटें पार्टी के लिए पारंपरिक रूप से महत्वपूर्ण रही हैं। पश्चिमी चंपारण की लौरिया सीट से पार्टी ने अनुभवी नेता विनय बिहारी पर फिर से भरोसा जताया है। रामनगर (अनुजा) से नंद किशोर राम और नौतन से नारायण प्रसाद जैसे पुराने चेहरों को बनाए रखने के साथ ही, बीना देवी (कोचाधामन) और विनोद यादव (बैसी) जैसे नए नाम भी शामिल किए गए हैं।
भाजपा की अंतिम सूची में शामिल 18 उम्मीदवार कौन?
- रामनगर (अनुजा) - नंद किशोर राम
- नरकटियागंज - संजय पांडेय
- बगहा - राम सिंह
- लौरिया - विनय बिहारी
- नौतन - नारायण प्रसाद
- चनपटिया - उमाकांत सिंह
- हरसिद्धि (अनुजा) - कृष्णानंदन पासवान
- कल्याणपुर - सचिंद्र प्रसाद सिंह
- चिरैया - लालबाबू प्रसाद गुप्ता
- कोचाधामन - बीना देवी
- बैसी - विनोद यादव
- राघोपुर - सतीश कुमार यादव
- भिहपुर - कुमार शैलेंद्र
- पीरपैंती (अनुजा) - मुरारी पासवान
- रामगढ़ - अशोक कुमार सिंह
- मोहनिया (अनुजा) - संगीता कुमारी
- भभुआ - भरत बिंद
- गोह - रणविजय सिंह
