Chirag Paswan News: पासवान परिवार में संपत्ति को लेकर घमासान। रामविलास पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी ने देवरानियों पर गंभीर आरोप लगाए, कहा- ‘मेरी जान को खतरा है’। चिराग पासवान से संपत्ति बंटवारे की गुहार, 5 लोगों पर केस दर्ज।

Chirag Paswan News: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के परिवार में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। दिवंगत रामविलास पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी ने अपने देवर पशुपति कुमार पारस की पत्नी और रामचंद्र पासवान की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जान का खतरा होने की बात कही है और संपत्ति के बंटवारे की मांग की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राजकुमारी देवी को क्यों सता रहा है जान का खतरा?

राजकुमारी देवी खगड़िया के शहर बन्नी गांव में अकेली रहती हैं। उनका आरोप है कि उनकी दो देवरानियां–शोभा देवी (पशुपति पारस की पत्नी) और सुनैना देवी (रामचंद्र पासवान की पत्नी) ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उनके बेडरूम और बाथरूम में ताला लगा दिया गया, जिससे वे तनाव में आकर बीमार हो गईं। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले उनकी देवरानियां लड़ने आई थीं और धमकी दी थी। इन घटनाओं के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

संपत्ति को लेकर विवाद क्यों बढ़ा?

राजकुमारी देवी ने पटना, दिल्ली, खगड़िया और शहरबन्नी में रामविलास पासवान की संपत्तियों में तीसरा हिस्सा मांगा है। उन्होंने चिराग पासवान से संपत्ति का न्यायपूर्ण बंटवारा कराने की अपील की है। राजकुमारी देवी ने आरोप लगाया कि पशुपति पारस और उनका परिवार उन्हें उनका हक नहीं देना चाहता।

राजकुमारी देवी ने 5 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया केस

उन्होंने अलौली थाना में पशुपति कुमार पारस की पत्नी, रामचंद्र पासवान की पत्नी, एक बॉडीगार्ड और दो ड्राइवरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एसपी राकेश कुमार ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रामविलास पासवान की पहली पत्नी थीं राजकुमारी देवी

राजकुमारी देवी रामविलास पासवान की पहली पत्नी थीं। बाद में दोनों का तलाक हो गया और वे अलग रहने लगीं। 1983 में रामविलास पासवान ने रीना शर्मा से शादी की। रीना पासवान से उन्हें चिराग पासवान और एक बेटी हुई। चिराग पासवान वर्तमान में केंद्रीय मंत्री और एलजेपी के अध्यक्ष हैं।