प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के जमुई में रैली की। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को आटे के लिए तरसने वाला देश बताया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के राज में आज जो देश आटे के लिए तरस रहा है उसके आतंकी हमला कर चले जाते थे।  

जमुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार के जमुई में रैली कर रहे हैं। मंच पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा नेता नेता चिराग पासवान भी मौजूद हैं। रैली में आई भीड़ को देखकर पीएम ने कहा कि बिहार के जमुई में उमड़ा ये जनसैलाब इस बात का साफ संकेत है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए को जनता-जनार्दन का अपार आशीर्वाद मिलने जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पीएम ने कहा, "आज इस मंच से एक कमी हम सबको महसूस हो रही है। हमारे लिए ये पहला ऐसा चुनाव है, जब बिहार के बेटे, दलितों-वंचितों के प्रिय और मेरे परम मित्र पद्म भूषण से सम्मानित रामविलास पासवान हमारे बीच नहीं हैं। मुझे संतोष है कि रामविलास के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।"

जो देश आटे के लिए तरस रहा उसके आतंकी हमला कर चले जाते थे

नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज एक ओर कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां हैं जिन्होंने अपनी सरकार के समय पूरी दुनिया में देश का नाम खराब किया है। दूसरी ओर बीजेपी और एनडीए है जिसका एक ही लक्ष्य है विकसित भारत का निर्माण। खुशहाल बिहार का निर्माण। आप याद कीजिए 10 साल पहले दुनिया में भारत को लेकर क्या राय होती थी? कांग्रेस के राज में भारत को कमजोर और गरीब देश माना जाता था। छोटे-छोटे देश आज जो आटे के लिए तरस रहे हैं, उनके आतंकी हमपर हमला कर चले जाते थे। कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी। मोदी ने कहा ऐसे नहीं चलेगा। आज का भारत घर में घुसकर मारता है। आज का भारत दुनिया को दिशा दिखाता है। अब दुनिया देख रही है कि केवल 10 वर्षों में भारत की साख और हैसियत आज कैसे बढ़ी है। आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।”

दम तोड़ चुका है नक्सलवाद

पीएम ने कहा, "राजद और कांग्रेस के काले दौर में जमुई की क्या हालत थी। इन लोगों ने जमुई की कैसी पहचान बना दी थी। जमुई राजद के जंगल राज का कितना बड़ा भुक्तभोगी था। जमुई की पहचान नक्सलवाद से होती थी। सरकार की योजनाएं यहां पहुंचने ही नहीं दी जाती थी। नक्सली यहां सड़कें नहीं बनने देते थे। इसका नुकसान गरीब, मजदूर और किसान को होता था। आज वही जमुई विकास के हाईवे पर तेज रफ्तार पकड़ रहा है। नक्सलवाद दम तोड़ चुका है।"

गरीब युवाओं की जमीन लेने वाले भला नहीं कर सकते

लालू यादव पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, "याद कीजिए, रेलवे में भर्ती के नाम पर जो लोग गरीब युवाओं से जमीन लिखवा लें वो बिहार के युवाओं का कभी भला नहीं कर सकते। रेल मंत्री हमारे नीतीश कुमार भी थे। आज तक कोई शिकायत नहीं आई इनके खिलाफ। और इन लोगों ने गरीबों की जमीन छीन ली।"

अगले पांच साल भी मिलता रहेगा मुफ्त का राशन

नरेंद्र मोदी ने कहा, "मोदी गरीबी के ताप को सहकर यहां पहुंचा है। इसलिए हर गरीब के सपने का महत्व मोदी जानता है उसको जीने का प्रयास करता है। इसलिए बिहार के नौजवान, माताएं-बहनें, बुजुर्ग मेरे शब्द लिखकर रहिए। ये मोदी की गारंटी है। आपका सपना ही मेरा संकल्प है। इसलिए केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को सबसे अधिक प्राथमिकता दी है। केंद्र सरकार के प्रयास से यहां बिहार में गरीबों को 37 लाख पक्के घर मिले हैं। आज बिहार के करीब 9 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त राशन मिल रहा है। मोदी की गारंटी है अगले पांच साल भी मिलता रहेगा। बिहार में 84 लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड भी बने हैं।"

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने निकाला तो संजय निरुपम बोले- मैंने तो पहले ही खड़गे को दे दिया था इस्तीफा

पीएम ने कहा, “एक तरफ एनडीए सरकार है जो नए उद्योग लगाने की बात करती है। दूसरी तरफ ये लोग हैं जिनकी पहचान अपहरण उद्योग की रही है। एक ओर एनडीए सरकार है जो सोलर पावर और एलईडी लाइट की बात करते है। दूसरी ओर घमंडिया गठबंधन वाले लोग बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं। हम नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार में हाईवे और एक्सप्रेस वे बना रहे हैं। जबकि आरजेडी ने बिहार को गढ्ढे और खाई में धकेल दिया था। एनडीए सरकार गरीबों की जमीन का प्रॉपर्टी कार्ड दे रही है। जबकि आरजेडी के लोग गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर लेते थे। हम महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी देते हैं। बेटियों को नए अवसर देते हैं। राजद के लोग जंगल राज में बेटियों को सड़कों से उठा लिया जाता था। हमारी सरकार में राम मंदिर का 500 साल पुराना सपना पूरा हुआ। यही आरजेडी कांग्रेस ने राम मंदिर नहीं बने इसके लिए पूरी ताकत लगा दी थी।”

यह भी पढ़ें- गौरव वल्लभ ने छोड़ा कांग्रेस का 'हाथ', कहा- दिन रात सनातन धर्म का विरोध नहीं कर सकता, खड़गे को लिखा पत्र