भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने देशभर के अपने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने के लिए दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय में रोजाना 'जनसुनवाई' शुरू करने का फैसला किया है। यह पहल राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर शुरू की गई है।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने संगठन को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने दिल्ली स्थित अपने राष्ट्रीय मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के लिए रोजाना 'जनसुनवाई' करने का फैसला किया है। यह अहम फैसला बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर लिया गया है।
देशभर से बीजेपी मुख्यालय आने वाले कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के लिए पार्टी ने यह नया सिस्टम बनाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ ने इसके लिए खास इंतजाम किए हैं। इस नई पहल के तहत, सोमवार से शुक्रवार तक राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। वे देशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं से मिलेंगे, उनकी शिकायतें सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। यह जनसुनवाई मुख्यालय के मल्टीपरपज हॉल में नियमित रूप से होगी। काम सुचारू रूप से चले, इसके लिए पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिवों का दिन के हिसाब से एक रोस्टर (शेड्यूल) भी जारी किया है। नए सिस्टम के मुताबिक, राष्ट्रीय महासचिव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी हफ्ते के कामकाजी दिनों (वीक डेज) में कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए मुख्यालय में मौजूद रहेंगे।
बीजेपी ने अक्टूबर 2026 के लिए नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय में अपने पदाधिकारियों की मौजूदगी का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस शेड्यूल के अनुसार, पदाधिकारी सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक अपने तय कमरों में मिलेंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक ग्राउंड फ्लोर के मल्टीपरपज हॉल में जनसुनवाई करेंगे।
वीकली रोस्टर के मुताबिक, सोमवार को राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और हरीश द्विवेदी हर हफ्ते मौजूद रहेंगे। उनके साथ पहले और तीसरे हफ्ते में उपाध्यक्ष राम माधव और सचिव कविता पाटीदार रहेंगी। वहीं, दूसरे और चौथे हफ्ते में उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया और भारती प्रवीण पवार के साथ सचिव संदीप पाठक और स्वदेश सिंह मौजूद रहेंगे।
मंगलवार को महासचिव सुनील बंसल और गजेंद्र पटेल हर हफ्ते मिलेंगे। पहले और तीसरे हफ्ते में सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा और सचिव जगदीश पटेल रहेंगे। दूसरे और चौथे हफ्ते में उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल और सचिव संगीता यादव व अनिल एंटनी मौजूद रहेंगे।
बुधवार को महासचिव बिप्लब कुमार देब और संजय भाटिया हर हफ्ते उपलब्ध रहेंगे। पहले और तीसरे हफ्ते में उपाध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी और सचिव के सुरेंद्रन रहेंगे। दूसरे और चौथे हफ्ते में उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और सचिव एम वेंकटेशन व मृगांका देव बर्मन मौजूद रहेंगे।
गुरुवार को महासचिव स्मृति ईरानी और मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ हर हफ्ते मौजूद रहेंगे। पहले और तीसरे हफ्ते में उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और सचिव भोला सिंह रहेंगे। दूसरे और चौथे हफ्ते में उपाध्यक्ष एम नागराजू, सचिव सिद्धार्थ शंभू और रोहन गुप्ता मौजूद रहेंगे।
शुक्रवार को महासचिव सतीश पूनिया हर हफ्ते मिलेंगे। पहले और तीसरे हफ्ते में उपाध्यक्ष वर्षाबेन दोशी, मधुचंद्र कर और सचिव प्रदीप वर्मा रहेंगे। दूसरे और चौथे हफ्ते में सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत और तारिक मंसूर के साथ सचिव फांगनोन कोन्याक, मनोज तिग्गा और जय प्रकाश मौजूद रहेंगे।








