नई दिल्ली और वाराणसी के बीच दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम योगी आदित्यनाथ इसे हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर और गाजियाबाद होते हुए चलेगी।

नई दिल्ली। दिल्ली से यूपी जाने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। नई दिल्ली और वाराणसी के बीच दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस 31 अक्टूबर से पटरियों पर दौड़ने के लिए तैयार है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिलकर इस नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।

रेलवे बोर्ड ने नई दिल्ली-वाराणसी रूट पर इस नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को चलाने की मंजूरी दे दी है। बोर्ड की तरफ से 27 अक्टूबर को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, यह ट्रेन 27421 और 27422 नंबर से चलेगी रास्ते में यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज स्टेशनों पर रुकेगी। इससे दिल्ली और यूपी के इन प्रमुख शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।

आपको बता दें कि वंदे भारत स्लीपर भारतीय रेलवे की नेक्स्ट-जेनरेशन ट्रेन है। यह 16 कोच वाली पूरी तरह से वातानुकूलित (AC) स्लीपर ट्रेन है, जिसे रात के लंबे सफर के लिए खास तौर पर डिजाइन किया गया है। 'मेक इन इंडिया' पहल के तहत बनी यह ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव देगी।

स्पीड की बात करें तो टेस्टिंग के दौरान यह ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी थी, हालांकि इसे 160 किमी प्रति घंटे की ऑपरेशनल स्पीड पर चलाया जाएगा। इस ट्रेन में कुल 823 बर्थ हैं। इनमें फर्स्ट एसी (First AC) की 24, सेकंड एसी (AC 2-Tier) की 188 और थर्ड एसी (AC 3-Tier) की 611 सीटें शामिल हैं। रात के सफर को और भी आरामदायक बनाने के लिए ट्रेन में 52 वैक्यूम टॉयलेट, सील्ड गैंगवे और मिनी-पेंट्री जैसी शानदार सुविधाएं दी गई हैं।

सुरक्षा के मामले में भी यह ट्रेन एकदम हाई-टेक है। इसमें EN 15227 क्रैशवर्थिनेस और EN 45545 HL3 फायर-सेफ्टी स्टैंडर्ड्स का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, ट्रेन में स्वदेशी 'कवच' (KAVACH) सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे और आग बुझाने वाले खास सिस्टम भी लगाए गए हैं।

बिजली बचाने के लिए ट्रेन में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। यह लंबी दूरी की ट्रेनों को आधुनिक बनाने की रेलवे की एक बड़ी पहल का हिस्सा है। नई दिल्ली-वाराणसी रूट पर वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को रात के सफर का एक बेहतरीन और अपग्रेडेड विकल्प मिलेगा। यह ट्रेन देश की राजधानी को यूपी के सबसे प्रमुख शहरों में से एक से सीधे जोड़ेगी।