चेन्नई के नंगनल्लूर में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी इन्फ्लुएंसर पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में शख्स खुद भी फांसी पर लटक गया। बाप का मैसेज पढ़ जब घर पहुंचा बेटा तो  दोनों को मृत पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Man kills influencer wife: चेन्नई के नंगनल्लूर इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 52 साल के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी इन्फ्लुएंसर पत्नी की गला काट कर हत्या करने के बाद खुद भी जान दे दी। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों घर के अंदर मृत पाए गए। महिला एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर थीं, जिसके 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। मृतका नागलक्ष्मी अपने बच्चों की पढ़ाई को सबसे ज्यादा महत्व देती थीं। उनके बड़े बेटे हरीश भारद्वाज (21) रूस में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं छोटा बेटा शैलेश (18) चेन्नई में डेंटिस्ट्री की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के अनुसार, पति सुब्रमण्यम हाल ही में चेन्नई लौटे थे। बताया जाता है कि उन्होंने अपने पिछले व्यवहार के लिए माफी मांगी थी और दोनों ने सुलह कर ली थी। इसके बाद पति-पत्नी फिर से साथ रहने लगे थे।

कब सामने आया मामला?

यह घटना 27 अप्रैल को सामने आई। उस दिन दंपति का छोटा बेटा घर लौटा और उसने अपने माता-पिता को मृत पाया। मृतकों की पहचान सुब्रमण्यम (52) और नागलक्ष्मी (42) के रूप में हुई है, जो एक बिजनेस ओनर भी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पहले से अलग रह रहे थे दंपति

पुलिस के मुताबिक, दोनों कुछ समय से आपसी मतभेदों के कारण अलग रह रहे थे। इस दौरान सुब्रमण्यम मदुरई में एक रिश्तेदार के साथ रह रहे थे। दूसरी ओर, नागलक्ष्मी ने अपनी जिंदगी को दोबारा संवारने पर ध्यान दिया। उन्होंने नंगनल्लूर में साड़ियों का बिजनेस शुरू किया, जिसे उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए प्रमोट किया। धीरे-धीरे उनका काम बढ़ा और उन्होंने चेन्नई में एक बड़ा स्टोर भी खोल लिया।

घटना से पहले बेटे के पास आया खौफनाक मैसेज

रिपोर्ट के अनुसार, 27 अप्रैल को सुब्रमण्यम ने अपने बेटे शैलेष को एक चिंताजनक मैसेज भेजा था। मैसेज देखकर शैलेष तुरंत घर पहुंचा, जहां उसने अपनी मां को मृत पाया। उनकी हत्या धारदार हथियार से की गई थी। वहीं, उसके पिता दूसरे कमरे में फंदे से लटके मिले। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई होगी, जिसके बाद यह घटना हुई।

Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।