Gumla News: गुमला में 14 साल की लड़की की शादी होते-होते रह गई। चाइल्डलाइन की सूचना पर प्रशासन ने रोका बाल विवाह। लड़की के परिवार को दी गई काउंसलिंग।

Bal Vivah News: झारखंड के गुमला जिले में एक लड़की बालिका वधू बनने से बच गई। उसके माता-पिता उसकी शादी कराना चाहते थे। इस बाल विवाह की जानकारी चाइल्डलाइन को मिली। मामला सही पाए जाने पर लड़की के परिजनों की काउंसलिंग की गई। इस तरह 14 वर्षीय नाबालिग की शादी रुक गई। इसमें बाल कल्याण समिति की अहम भूमिका रही।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

माता-पिता कराना चाहते थे लड़की की शादी

गुमला जिले के पालकोट प्रखंड की 8वीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा को प्रशासन की पहल पर बालिका वधू बनने से बचा लिया गया। लड़की के माता-पिता उसकी शादी कराना चाहते थे। किसी तरह इस मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन को मिली। इसके बाद टीम ने तत्काल मामले का सत्यापन किया। इसमें मामला सही पाया गया। टीम ने जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी। निर्देशानुसार रात में ही एक टीम को परिवार के पास भेजकर बाल विवाह न करने को लेकर समझाया गया है।

बाल कल्याण समिति ने दिए विशेष निर्देश

लड़की के परिवार और किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। बाल कल्याण समिति ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर किशोरी को बाल विवाह न करने की सख्त हिदायत के साथ परिवार को सौंप दिया। त्वरित कार्रवाई के कारण नाबालिग की जिंदगी बर्बाद होने से बच गई।

सामाजिक बुराइयों को रोकने के लिए सूचना दें

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों के बारे में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की सूचना गोपनीय रखी जाती है।