अक्सर शादी समारोह में विवाद की खबरें आती रहती हैं। मगर स्थिति इतनी बिगड़ जाए कि हालात कश्मीर जैसे हो जाए तो विश्वास नहीं होता है। पर गिरिडीह के पतरोडीह में ऐसा ही हुआ। विवाह समारोह में एक युवक ने गर्म पूड़ी मांगी…

गिरिडीह। अक्सर शादी समारोह में विवाद की खबरें आती रहती हैं। मगर स्थिति इतनी बिगड़ जाए कि हालात कश्मीर जैसे हो जाए तो विश्वास नहीं होता है। पर गिरिडीह के पतरोडीह में ऐसा ही हुआ। विवाह समारोह में एक युवक ने गर्म पूड़ी मांगी, गर्म पूड़ी नहीं मिलने पर बवाल हो गया। युवक ने अपने साथियों को बुला लिया और जमकर हंगामा काटा। यह बवाल इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में पथराव शुरु हो गया। लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। थोड़ी देर के लिए समारोह स्थल रणक्षेत्र बन गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गर्म पूड़ी नहीं मिलने पर भड़क गया युवक

जानकारी के अनुसार, गिरिडीह मुफस्सिल इलाके के पतरोडीह सेंट्रलपीठ में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। शंकर नाम के एक शख्स के घर बारात आई थी। हर तरफ हंसी खुशी का माहौल था। पर रात में करीब 2 बजे एक युवक समारोह में आया और खाने के लिए गर्म पूड़ी की मांग करने लगा। गर्म पूड़ी नहीं मिलने पर वह भड़क गया और इसी बात को लेकर विवाद शुरु हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि उसने बाहर से कुछ अन्य युवकों को भी कॉल कर बुला लिया। पुलिस का कहना है कि आरोप लगाया जा रहा है कि युवक ने शादी समारोह में शामिल कुछ लोगों से हाथापाई की, अपशब्द कहा और फिर दोनों पक्षों में पथराव शुरु हो गया।

धारदार हथियार का भी हुआ इस्तेमाल

शादी समारोह में हालात इतने खराब हो गए कि पुलिस को बुलाना पड़ा। खुद एसडीपीओ अनिल सिंह मौके पर पहुंचे। मुफस्सिल थाना प्रभारी कमलेश पासवान, नगर थाना प्रभारी आरएन चौधरी और इंस्पेक्टर विनय कुमार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शादी समारोह में शामिल लोगों को समझा कर शांत किया गया। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में भी लिया। पुलिस का कहना है कि युवक ने जानबूझकर हंगामा किया। गर्म पूड़ी तो सिर्फ बहाना था। इस दौरान धारदार हथियार का भी इस्तेमाल किया गया।