झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। रामेश्वर उरांव लोहरदगा और अजय कुमार जमशेदपुर पूर्व से चुनाव लड़ेंगे।

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 (Jharkhand Assembly Elections 2024) के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की है। इसमें 21 उम्मीदवारों के नाम हैं। वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव को लोहरदगा सीट से मैदान में उतारा गया है। यह सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीनियर कांग्रेसी नेता अजय कुमार को जमशेदपुर पूर्व से टिकट मिला है। वह त्रिपुरा, ओडिशा और नागालैंड के कांग्रेस प्रभारी हैं। पूर्व पुलिस अधिकारी अजय पहले जमशेदपुर से सांसद थे। इस बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। रामेश्वर उरांव भी पूर्व पुलिस अधिकारी हैं। वह झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे हैं।

Scroll to load tweet…

शिप्ली नेहा तिर्की को मांडर से मिला टिकट

अन्य उम्मीदवारों में शिप्ली नेहा तिर्की को मांडर (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है। वह इस सीट से मौजूदा विधायक हैं। उनके पिता बंधु तिर्की झारखंड चुनाव के लिए कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष हैं।

सोमवार रात को उम्मीदवारों के नामों का ऐलान हुआ। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित कई सीनियर नेताओं के साथ पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस दौरान उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया गया।

झारखंड में 12 और 20 नवंबर को होगा मतदान

झारखंड में कांग्रेस JMM (Jharkhand Mukti Morcha) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। यहां विधानसभा की 81 सीटें हैं। चुनाव दो चरण में हो रहा है। मतदान 12 नवंबर और 20 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। झारखंड में कांग्रेस 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सीएम हेमंत सोरेन की पार्टी JMM 41 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। राजद को 6 और वामपंथी दलों को 4 सीटें दी गईं हैं।

यह भी पढ़ें- झारखंड चुनाव: BJP की पहली लिस्ट जारी, चंपई सोरेन समेत कई बड़े नेताओं के हैं नाम