जबलपुर के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। हादसे में अब तक 29 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। रेस्क्यू टीम के बहादुर सदस्यों को 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा। मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये सहायता मिलेगी।
भोपाल। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में बरगी बांध के पास हुए क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना चक्रवात जैसे मौसमीय कारणों की वजह से हुई प्रतीत हो रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस हादसे ने सभी को दुखी किया है। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीम ने बहादुरी और तत्परता से काम किया। जिन लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रियों को बचाया, उन्हें आगामी 15 अगस्त समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
Bargi Dam Cruise Accident: 29 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 मई को मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, एसीएस संजय दुबे सहित प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। सीएम ने कहा कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी तुरंत लगाया गया। अब तक 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
Rescue Operation in Bargi Dam: क्रूज काटकर बचाईं गईं लोगों की जान
मुख्यमंत्री ने बताया कि बरगी बांध में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू टीम ने बेहद साहस और सूझबूझ के साथ काम किया। कई यात्रियों को बचाने के लिए टीम को क्रूज का हिस्सा काटना पड़ा, जिसके बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीम की तत्परता की वजह से कई लोगों की जान बच सकी। सरकार ऐसे सभी सदस्यों का सम्मान करेगी जिन्होंने इस कठिन समय में मानवता और साहस का परिचय दिया।
MP Government Compensation: मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है और राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार ने प्रशासन को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

