EV NEWS: क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल से मध्यप्रदेश में शुरू होगी EV क्रांति ? इलेक्ट्रिक वाहनों से कितना कम होगा प्रदूषण? क्या अब MP में ईवी को और बढ़ावा मिलेगा? जानिए पूरी कहानी।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक नई दिशा देते हुए महत्वपूर्ण पहल की। मुख्यमंत्री ने CM हाउस से स्टेट हैंगर, भोपाल तक की यात्रा पारंपरिक पेट्रोल वाहन की बजाय इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) से की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्यमंत्री की सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी आवश्यक मानकों की जांच, तकनीकी परीक्षण और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद इस इलेक्ट्रिक वाहन को मुख्यमंत्री के लघु कारकेड में आधिकारिक रूप से शामिल कर लिया गया है। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजधानी भोपाल में अपने नियमित आवागमन के लिए इलेक्ट्रिक कार का उपयोग करेंगे।

PM Narendra Modi Message: प्रधानमंत्री की मितव्ययता और ईंधन बचत की अपील को आगे बढ़ाया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों को ईंधन की बचत करने और संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने का संदेश देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी स्तर का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए अपने स्तर पर सकारात्मक प्रयास करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईंधन की बचत और मितव्ययी जीवनशैली अपनाने से न केवल व्यक्तिगत लाभ होता है, बल्कि देश के संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होता है।

MP Electric Vehicle Policy: राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इलेक्ट्रिक वाहन आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन का बेहतर विकल्प बनकर उभर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ईवी वाहनों के उपयोग से पारंपरिक ईंधन की खपत कम होती है, जिससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। साथ ही इन वाहनों से वायु प्रदूषण नहीं होता और ध्वनि प्रदूषण भी बेहद कम होता है। यही कारण है कि इलेक्ट्रिक वाहन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

EV Car Benefits: कम खर्च, कम प्रदूषण और बेहतर भविष्य का विकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की देखरेख और संचालन पर आने वाला खर्च भी सामान्य पेट्रोल-डीजल वाहनों की तुलना में काफी कम होता है। ऐसे में यह आम लोगों और सरकार दोनों के लिए एक किफायती विकल्प साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि ईवी वाहनों का अधिक उपयोग आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण तैयार करने में मदद करेगा। इसके साथ ही पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण में कमी आएगी और प्रदेश के हरित विकास को नई गति मिलेगी।

Green Development MP: स्वच्छ ऊर्जा से हरित विकास को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना केवल एक तकनीकी बदलाव नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से भी अधिक से अधिक ईवी वाहनों का उपयोग करने की अपील की ताकि प्रदेश और देश दोनों को स्वच्छ ऊर्जा आधारित विकास का लाभ मिल सके।