Hindu Economic Forum: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में उद्योगों के लिए बिजली, जमीन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार नए क्षेत्रों में निवेश और रोजगार बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है।
Hindu Economic Forum Indore: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर में हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर का शुभारंभ किया। होटल शेरेटन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और उद्यमियों को प्रदेश की उद्योग नीति और औद्योगिक विकास के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में उद्योगों के लिए जरूरी संसाधनों और सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उद्योगों के लिए बिजली और जमीन की उपलब्धता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश आज उन क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है, जो उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण हैं। प्रदेश में सरप्लस बिजली के साथ पर्याप्त लैंड बैंक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि पानी पर सोलर पैनल के जरिए बिजली उत्पादन की दिशा में भी काम हो रहा है। साथ ही पानी से ऊर्जा के अन्य स्रोत विकसित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के नए क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इनमें धार्मिक पर्यटन के साथ मेडिकल टूरिज्म भी शामिल है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
एमओयू को जमीन पर उतारने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए अब तक किए गए समझौतों (एमओयू) को धरातल पर उतारने में सफलता मिल रही है। सरकार उद्योगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और निवेश को आसान बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने आर्थिक विकास में उद्यमियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
2002 से बढ़ी मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002-03 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपये थी, जो वर्ष 2022 तक बढ़कर 1.40 लाख रुपये और वर्ष 2026 में 1.67 लाख रुपये तक पहुंच गई। मुख्यमंत्री ने देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक विकास को गति मिलने की बात कही।
भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत: मुख्य आर्थिक सलाहकार
कार्यक्रम में भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंता नागेश्वरन ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देश की मौजूदा विकास दर 7.8 प्रतिशत है और आने वाले वर्षों में इसमें और बढ़ोतरी की संभावना है। उन्होंने भारत के विदेशी व्यापार में लगातार हो रही वृद्धि का भी उल्लेख किया। फोरम के प्रमुख विज्ञानानंद ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
2026 में मुंबई में होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के अब तक तीन आयोजन हो चुके हैं। पहला आयोजन 2014 में नई दिल्ली, दूसरा 2018 में अमेरिका के शिकागो और तीसरा 2023 में थाईलैंड के बैंकॉक में हुआ था। वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का अगला आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान पिछले आयोजनों पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।
