मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली दौरे में अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। नर्मदा परियोजनाओं, अंतर्राज्यीय मुद्दों और मध्यप्रदेश के विकास पर चर्चा हुई।
भोपाल/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय नई दिल्ली दौरे के दौरान मध्यप्रदेश के विकास और राज्यहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर कई केंद्रीय मंत्रियों और संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी केंद्रीय मंत्रियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

Narmada Project Meeting: अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदा परियोजनाओं से जुड़े लंबित अंतर्राज्यीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी मौजूद रहे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी भाग लिया। सभी राज्यों के बीच नर्मदा परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही परियोजनाओं के लंबित कार्यों में तेजी लाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई।
MP Development: रक्षा, रेल, जल शक्ति और कृषि मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में मध्यप्रदेश के विकास, राज्यहित से जुड़ी योजनाओं और विभिन्न परियोजनाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश से जुड़े विषयों पर केंद्र सरकार के सहयोग और समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
Inter-State Projects: पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी हुई अहम बातचीत
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों से भी अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में विभिन्न अंतर्राज्यीय परियोजनाओं के क्रियान्वयन, समन्वय और आपसी सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश से जुड़े विकास कार्यों को गति देने, नर्मदा परियोजनाओं में समन्वय बढ़ाने और केंद्र तथा अन्य राज्यों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


