मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा-संकल्प अभियान चलेगा। PM मोदी के जन्मदिन पर दीप प्रज्ज्वलन, रक्तदान शिविर व अन्य कार्यक्रम होंगे। सेवा सेतु शिविरों में सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाएगा।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 सितंबर को सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास के दीपक का प्रकाश देशभर में फैल रहा है। यह उनके सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्षों के सफर का प्रतीक है।

सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा

  • मध्य प्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को प्रदेशभर में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उज्जैन के महाकाल महालोक समेत सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी दिन स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे।
  • अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ जैसे कार्यक्रम होंगे।
  • इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। सेवा सेतु शिविरों में पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिलाया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की समय पर तैयारी, बेहतर समन्वय और अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।