भोपाल के नाथू बरखेड़ा में 985.76 करोड़ रुपये से बन रहे अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण करते हुए सीएम मोहन यादव ने तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 अगस्त को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को तय समय से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी खेल अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल है। उनके मुताबिक, इस परिसर के विकसित होने के बाद राज्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव होगा और भोपाल को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि करीब 985.76 करोड़ रुपये की लागत से 136.296 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा यह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स भविष्य में मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एशियन चैम्पियनशिप की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों से कहा कि आगामी एशियन चैम्पियनशिप को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए किस प्रकार की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बताया गया कि परिसर में दो आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे बड़े खेल आयोजनों के साथ अन्य राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन में भी सुविधा मिलेगी।
सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक और फुटबॉल स्टेडियम का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए जा रहे सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों और खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने मुख्यमंत्री को बताया कि इंटरनेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के मानकों के अनुरूप यहां 10 हजार दर्शक क्षमता वाले पवेलियन सहित आधुनिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रैक के मध्य भाग में एक फुटबॉल स्टेडियम भी विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
International Sports Complex Project: तीन चरणों में हो रहा निर्माण
प्रदेश सरकार द्वारा नाथू बरखेड़ा में 136.296 एकड़ भूमि पर इस अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है।
पहले चरण में बने एथलेटिक्स और हॉकी स्टेडियम
पहले चरण के तहत एथलेटिक्स स्टेडियम, सिंथेटिक ट्रैक, वार्मअप ट्रैक और हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। हॉकी स्टेडियम में सिंथेटिक टर्फ, पवेलियन और प्रैक्टिस फील्ड जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। सरकारी अधिकारियों के अनुसार पहले चरण का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है।
दूसरे चरण में बन रहे इंडोर स्पोर्ट्स और स्वीमिंग कॉम्पलेक्स
दूसरे चरण में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, ऑल वेदर स्वीमिंग कॉम्पलेक्स, छात्र और छात्राओं के लिए 150-150 क्षमता वाले हॉस्टल तथा घुड़सवारी क्रॉस कंट्री ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
तीसरे चरण में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम और साइक्लिंग वेलोड्रोम
परियोजना के तीसरे चरण में आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम और साइक्लिंग वेलोड्रोम का निर्माण प्रस्तावित है। इसके पूरा होने के बाद यह परिसर देश के सबसे आधुनिक बहुउद्देश्यीय खेल परिसरों में शामिल हो जाएगा।
985.76 करोड़ रुपये की परियोजना को मिली प्रशासनिक मंजूरी
राज्य सरकार ने पहले चरण के निर्माण कार्यों के लिए 357.96 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 627.80 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस तरह परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 985.76 करोड़ रुपये है।
Army Recruitment Bhopal: सेना भर्ती अभ्यर्थियों से भी मिले मुख्यमंत्री मोहन यादव
स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिसर में चल रही सेना भर्ती प्रक्रिया का भी जायजा लिया। उन्होंने भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। ये सभी अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में सफल होने के बाद फिजिकल परीक्षा और मेडिकल टेस्ट के लिए यहां पहुंचे थे।
4500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया, 3000 का होगा चयन
सेना भर्ती अधिकारी जे.एस. सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 4,500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, जिनमें से लगभग 3,000 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में सेना के चार भर्ती कार्यालय कार्यरत हैं और भोपाल में चल रही यह भर्ती प्रक्रिया दिसंबर 2026 के अंत तक पूरी कर ली जाएगी। चयनित अभ्यर्थी 1 जनवरी 2027 से छह माह का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। भर्ती अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ क्षेत्र में सेना के 175 पदों पर धर्म गुरुओं की भर्ती प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।


