महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। नागपुर दक्षिण सीट कांग्रेस के खाते में गई। MVA एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 (Maharashtra assembly election 2024) के लिए कांग्रेस ने शनिवार को प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की। इसमें 23 उम्मीदवारों के नाम हैं। कांग्रेस की पहली लिस्ट में 48 प्रत्याशियों के नाम थे। पार्टी 85 सीट पर चुनाव लड़ रही है। इसने अब तक 71 नाम जारी कर दिए हैं।

कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के बीच विवाद का विषय बनी नागपुर दक्षिण सीट कांग्रेस के खाते में गई है। गिरीश कृष्णराव पांडव को नागपुर दक्षिण सीट से मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस ने कहा है कि महा विकास अघाड़ी गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है। सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला शनिवार शाम तक हो जाएगा।

Scroll to load tweet…

रमेश चेन्निथला बोले एकजुट है एमवीए

शुक्रवार को सीईसी की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने कहा, "कांग्रेस सीईसी ने महाराष्ट्र की शेष सीटों पर चर्चा की है। एमवीए एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं हैं। हम महाराष्ट्र के लोगों के सपनों को साकार करने के लिए मिलकर लड़ेंगे। हमें विश्वास है कि एमवीए सरकार बनाएगी। लोग इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं।"

Scroll to load tweet…

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि MVA का प्रदर्शन लोकसभा चुनाव 2024 से भी बेहतर होने वाला है। पूर्ण बहुमत के साथ MVA की सरकार बनेगी।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान, 23 को आएगा रिजल्ट

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए एक चरण में चुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और एनसीपी (शरद पवार) 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। बाकी सीटें सहयोगी पार्टियों के लिए रखी गईं हैं। मतदान 20 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। इसी दिन परिणाम आएंगे।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 48 प्रत्याशियों की लिस्ट, किसे मिला टिकट?