लुधियाना पश्चिम के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की शुक्रवार आधी रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनके सिर में गोली लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लुधियाना। लुधियाना पश्चिम के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी (Gurpreet Bassi Gogi) की मौत संदिग्ध स्थिति में हो गई है। घटना शुक्रवार आधी रात की है। गोली उनके सिर में लगी थी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने खुद अपने सिर में गोली मारी या किसी और ने हत्या की, इसकी जांच की जा रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

संयुक्त पुलिस आयुक्त जसकरन सिंह तेजा ने मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें मृत अवस्था में डीएमसी अस्पताल लाया गया था। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है। घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे घटी।

गोली चलने की आवाज सुन पहुंची पत्नी, देखा खून से लथपथ हैं गोगी

आप के जिला सचिव परमवीर सिंह ने बताया कि विधायक दिन में नियमित कार्यक्रमों के बाद घुमार मंडी स्थित अपने घर लौटे थे। वह अपने परिवार के लोगों के साथ थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और बेटी हैं। सूत्रों के अनुसार आधी रात को विधायक की पत्नी डॉ. सुखचैन कौर गोगी ने गोली की आवाज सुनी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचीं तो देखा कि पति खून से लथपथ पड़े थे। परिवार के लोग सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्हें डीएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि गोगी अपने लाइसेंसी पिस्तौल की सफाई कर रहे थे तभी गलती से गोली चल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि उनकी मौत आत्महत्या थी या कुछ और। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

2022 में आप में शामिल हुए थे गुरप्रीत बस्सी गोगी

बता दें कि गुरप्रीत बस्सी गोगी 2022 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। उन्होंने लुधियाना विधानसभा चुनाव में दो बार के कांग्रेस विधायक भारत भूषण आशु को हराया था। ​​उनकी पत्नी सुखचैन कौर गोगी ने भी नगर निगम चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार इंद्रजीत सिंह इंडी से हार गईं थीं। 58 साल के गोगी 2022 में विधायक बनने से पहले दो बार नगर निगम के पार्षद रहे थे। वह कांग्रेस जिला (शहरी) अध्यक्ष भी थे।

यह भी पढ़ें- इस कांस्टेबल को सुन लोगों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल, वजह जान पकड़ लेंगे माथा