अलवर के खदाना मोहल्ले में तेंदुए ने मचाई दहशत। लोग जान बचाकर भागे, वन विभाग रेस्क्यू में जुटा।

अलवर (राजस्थान). अलवर शहर के घनी आबादी वाले खदाना मोहल्ले में मंगलवार सुबह अचानक एक तेंदुआ घुस गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है, जब तेंदुआ आरआर कॉलेज क्षेत्र से होते हुए खदाना मोहल्ले में दाखिल हुआ। तेंदुए के अचानक प्रवेश से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए, जबकि कुछ ने वन विभाग को सूचना दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जब संकरी गलियों में दौड़ा तेंदुआ तो गजब था वो सीन

खदाना मोहल्ले की संकरी गलियों में तेंदुए के दौड़ने से कई लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने इसे करीब से देखा, लेकिन गनीमत रही कि तेंदुए ने किसी पर हमला नहीं किया। मोहल्ले के बीच दौड़ते हुए तेंदुआ एक खाली प्लॉट में जाकर छिप गया।

तेंदुए के खौफ में पूरे गांव में तैनात पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की निगरानी शुरू की। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को ट्रैंकुलाइज करने के लिए विशेष टीम बुलाई गई है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

हर घर के बंद हो गए दरवाजे और खिड़कियां 

करीब सवा दस बजे तेंदुआ खदाना मोहल्ले से निकलकर कंपनी बाग की ओर भाग गया। वन विभाग की टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह बार-बार दिशा बदल रहा है, जिससे उसे पकड़ने में मुश्किल हो रही है। इस बीच, बड़ी संख्या में लोग तेंदुए को देखने के लिए इकट्ठा हो गए, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें। साथ ही, तेंदुए के आसपास न जाने और सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। 

वन विभाग ने जारी किया सख्त आदेश

वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा जाएगा। यह घटना न केवल लोगों के लिए डरावनी रही, बल्कि वन्यजीवों के शहरी क्षेत्रों में घुसने की समस्या पर भी सवाल खड़ा करती है।

देखिए आदमखोर का वीडियो