Hanumangarh Fake Doctor Dowry Case: हनुमानगढ़ की महिला ने पति पर झूठा डॉक्टर होने का आरोप लगाया है। 15 साल पहले शादी में दहेज की मांग हुई थी, जबकि पति की पढ़ाई केवल आठवीं तक है। पति पर दहेज प्रताड़ना के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज हुआ है।
Hanumangarh News : हनुमानगढ़ ज़िले के भादरा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि शादी से पहले उसे गुमराह कर झूठी जानकारी दी गई, जिससे उसकी ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई।
हरियाणा के हिसार में 15 साल पहले हुई थी शादी
पीड़िता के अनुसार, करीब 15 साल पहले उसकी शादी हरियाणा के हिसार ज़िले के आदमपुर तहसील के घुड़साल गांव निवासी विकास से तय हुई थी। तब ससुराल पक्ष ने दावा किया था कि लड़का डॉक्टर है और उसके हिस्से में लगभग 12 किले ज़मीन है। इसके साथ ही शादी से पहले दहेज के रूप में मोटरसाइकिल की मांग भी की गई थी। महिला के परिजनों ने अपनी हैसियत से अधिक खर्च कर शादी की और स्त्रीधन सौंपा।
यह भी पढ़ें-बांसवाड़ा: किसी का सिर फोड़ा किसी का हाथ तोड़ा: हॉस्टल में सीनियर्स की खूनी रैगिंग
जब डॉक्टर निकला आठवीं पास
शादी के कुछ समय बाद ही महिला को सच्चाई पता चली कि पति न तो डॉक्टर है, न ही पढ़ाई में ज्यादा शिक्षित। वह केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और नशे का आदी है। महिला का आरोप है कि इस दौरान पति ने नशे की हालत में कई बार उसके साथ मारपीट की और दहेज को लेकर ताने दिए। महिला ने बताया कि वैवाहिक जीवन के शुरुआती वर्षों में ही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का दौर शुरू हो गया था। इसके बावजूद उसने परिवार बचाने की कोशिश की। इस दौरान 2011 में उसका पहला बेटा और 2016 में दूसरा बेटा पैदा हुआ।
कुछ समय बाद ही आरोपी बदल लेता था अपना काम
- आरोप के मुताबिक, पति के नशे की आदत के कारण वह जहां भी काम करता, कुछ ही समय में सब छोड़ देता। महिला ने अलग-अलग जगह रहकर घर बसाने की कोशिश की, लेकिन हर बार विवाद और हिंसा का सामना करना पड़ा। एक समय ऐसा भी आया जब महिला ने मायके में शरण ली, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष उसे दोबारा साथ ले गया।
- 2018 में महिला अपने पति के साथ घुड़साल गांव में किराए के मकान में रहने लगी। वर्ष 2022 में दोनों परिवारों के सहयोग से घुड़साल में एक मकान बनवाया गया, जहां वह अप्रैल 2022 से रह रही थी। लेकिन महिला का कहना है कि नए घर में भी हालात नहीं बदले और पति ने लगातार गाली-गलौज और मारपीट जारी रखी।
दौसा हादसा : चीखों में बदली बच्चों की हंसी और मातम में भक्ति, खाटूश्याम गए 4 परिवार खत्म
पति के की सच्चाई सामने आने के बाद हुआ खुलासा
- पीड़िता का आरोप है कि पति के अलावा ससुराल के अन्य सदस्य भी उसे दहेज लाने के लिए दबाव डालते रहे। साथ ही उसने यह भी कहा कि पति के फर्जी डॉक्टर होने की सच्चाई सामने आने के बाद से रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती चली गई।
- पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
