Rajasthan MLA Jaykrishna Patel arrested : जयपुर में BAP विधायक को ACB ने 20 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। विधानसभा में सवाल पूछने के लिए 2 करोड़ से ज़्यादा की मांग की थी।

जयपुर। Rajasthan MLA Jaykrishna Patel arrested : राजस्थान की राजधानी जयपुर से शनिवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) के एक विधायक को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, विधायक ने एक परिवादी से विधानसभा में उसका सवाल उठाने की एवज में 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिश्वत की मांग की थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पहली ही किस्त में विधायक जी की खुली पोल

विधायक जी को दो करोड़ की डील में तय हुआ था कि रकम किस्तों में दी जाएगी। शनिवार को परिवादी द्वारा 20 लाख रुपये की पहली किस्त देने पर एसीबी ने पहले से योजना के तहत कार्रवाई करते हुए विधायक को पकड़ लिया।

एसीबी टीम ने विधायक को धर दबोचा

इस कार्रवाई को एसीबी डीजी रवि प्रकाश मेहरड़ा, एडीजी स्मिता श्रीवास्तव और डीआईजी राहुल कोटोकी के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई, और जैसे ही पैसे का लेन-देन हुआ, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर विधायक को धर दबोचा। इस दौरान विधायक का सरकारी गनमैन मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।

इस घटना से राजस्थान की राजनीति में हड़कंप

सूत्रों का यह भी कहना है कि विधायक की मांग काफी समय से चल रही थी और परिवादी ने मजबूरी में एसीबी से संपर्क किया। सबूतों के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। ACB जल्द ही इस पूरे प्रकरण पर प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा करेगी। इस घटना से प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और सख्त संदेश गया है।