| Updated : Apr 17 2024, 12:40 PM IST राम नवमी 2024: राम लला का हुआ सूर्य तिलक, 3 मिनट तक चला अनुष्ठान, देखने जुटे लाखों भक्त
सार
आज राम नवमी का पर्व है। यह पहली राम नवमी है जब प्रभु श्री राम अयोध्या में भव्य राम मंदिर में विराजे हुए हैं। दोपहर 12 बजे सूर्य तिलक समारोह हुआ। सूर्य की किरणों ने "सूर्य अभिषेक" के दौरान राम लला के माथे पर 75 मिमी का 'तिलक' बनाई। यह 3 मिनट तक चला।
Add Asianetnews Hindi as a Preferred Source
नरेंद्र मोदी ने लगाया 'जय श्री राम' का नारा
अयोध्या में राम लला के सूर्य अभिषेक के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी असम में चुनावी रैली कर रहे थे। उन्होंने और रैली में आए लोगों ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए। पीएम ने अयोध्या में राम लला के 'सूर्य तिलक' अनुष्ठान के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "पूरे देश में एक नया माहौल है और भगवान राम का यह जन्मदिन 500 साल बाद आया है, जब उन्हें अपना जन्मदिन अपने घर में मनाने का सौभाग्य मिला है।"
गर्भगृह में रोशनी की गई कम
भक्त भगवान श्री राम के सूर्य अभिषेक को ठीक से देख सकें इसके लिए गर्भगृह में रोशनी कम की गई। बल्ब बुझा दिए गए। नीली रोशनी के रूप में सूर्य की किरणों ने भगवान श्री राम का अभिषेक किया।

भगवान राम का हुआ सूर्य तिलक
राम मंदिर में राम लला का सूर्य तिलक हुआ है। सूर्य की किरणें सीधे प्रभू श्री राम के ललाट पर पड़ीं। राम लला के प्रकटीकरण होते ही सूर्य अभिषेक शुरू हो गया। इस दौरान आरती की गई और शंख बजाए गए। सूर्य तिलक अनुष्ठान तीन मिनट तक चला।
Scroll to load tweet…
योगी आदित्यनाथ ने दी राम नवमी की शुभकामनाएं
सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम नवमी की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत के प्राण, सनातन जगत की सकल आस्था के केंद्र, हमारे आराध्य, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के पावन अवतरण दिवस 'श्री राम नवमी' की समस्त प्रदेश वासियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! शताब्दियों की प्रतीक्षा के उपरांत श्री अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला का निर्मित नव्य, भव्य, दिव्य मंदिर कोटि-कोटि रामभक्तों और मानव सभ्यता को हर्षित, गर्वित कर रहा है।"
Scroll to load tweet…
योगी आदित्यनाथ ने किया कन्या पूजन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कन्या पूजन किया है। उन्होंने पहले नन्हीं बच्चियों के चरण धोए इसके बाद उन्हें तिलक लगाया।
हावड़ा में बीजेपी ने निकाली रामनवमी शोभा यात्रा
भाजपा ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली है। जुलूस में हावड़ा से बीजेपी उम्मीदवार रथिन चक्रवर्ती शामिल हुए। टीएमसी द्वारा भी रामनवमी शोभा यात्रा निकाली गई है।
पीएम नरेंद्र मोदी बोले-अप्रतिम आनंद में है अयोध्या
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे राम लला विराजमान हो चुके हैं। रामनवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है। 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद आज हमें ये रामनवमी अयोध्या में इस तरह मनाने का सौभाग्य मिला है। यह देशवासियों की इतने वर्षों की कठिन तपस्या, त्याग और बलिदान का सुफल है।"
Scroll to load tweet…
राम मंदिर जुटे लाखों भक्त
राम नवमी के अवसर पर अयोध्या को सजाया गया है। राम मंदिर में लाखों भक्त जुटे हैं। मंदिर परिसर रंगीन रोशनी से जगमगा रहा है। भक्तों की सुविधा के लिए जन्मभूमि पथ पर कालीन बिछाया गया है। मंदिर परिसर के अंदर भी कालीन बिछाए गए हैं।
चार मिनट तक होगा सूर्य तिलक
भगवान श्री राम का सूर्य तिलक चार मिनट तक होगा। सूर्य की किरणें "सूर्य अभिषेक" के दौरान राम लला के माथे पर 75 मिमी का 'तिलक' बनाएंगी। राम नवमी को लेकर मंदिर जल्दी खुला और देर तक खुला रहेगा। आज राम लला को '56 भोग प्रसाद' का प्रसाद अर्पित किया जाएगा।