भारत-पाक तनाव के बीच सुरक्षा कारणों से उत्तर प्रदेश के दो हवाई अड्डों, हिंडन और सरसावा से सिविल उड़ानें 9 से 15 मई तक बंद। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था की सलाह।

सीमा पर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब जमीन से उठकर आसमान तक पहुंच चुका है। भारत की सीमाओं पर जारी संघर्ष और पाकिस्तान की ओर से हो रहे हमलों के चलते उत्तर भारत में हवाई सेवाओं पर भी प्रभाव पड़ा है। सुरक्षा कारणों से उत्तर प्रदेश के दो हवाई अड्डों पर सिविल उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दो हवाई अड्डों से उड़ानें अस्थायी रूप से बंद

नागरिक विमानन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस और सहारनपुर स्थित सरसावा एयरबेस से सिविल फ्लाइट्स का संचालन 9 से 15 मई 2025 तक के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इन दोनों एयरबेस पर आम दिनों में नागरिक उड़ानों का भी संचालन होता है।

NOTAM जारी, सुरक्षा को बताया गया कारण

नागरिक विमानन मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने सुरक्षा कारणों से NOTAM (Notice to Airmen) जारी किया है। इसके तहत उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों पर सिविल उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह निर्देश 15 मई 2025 की सुबह 5:29 बजे तक प्रभावी रहेगा।

यात्रियों को दी गई वैकल्पिक यात्रा की सलाह

इन दो एयरबेस के बंद होने से प्रभावित यात्रियों को निकटवर्ती हवाई अड्डों जैसे कि दिल्ली, लखनऊ या चंडीगढ़ से यात्रा की सलाह दी गई है। हिंडन एयरबेस जहां दिल्ली-एनसीआर का प्रमुख वैकल्पिक विकल्प है, वहीं सरसावा एयरबेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी में अहम भूमिका निभाता है।

तनाव का कारण क्या है?

सीमा पर ड्रोन गतिविधियों, गोलीबारी और संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। इसके चलते केंद्र सरकार ने एयरस्पेस की निगरानी बढ़ा दी है और कई संवेदनशील क्षेत्रों में उड़ानों को एहतियातन रोका गया है।

यह भी पढ़ें: इस लड़के ने संभल में पुलिस पर चलाए थे पत्थर, अब खुद बता रहा है पूरी कहानी